12 साल से फरार महिला आरोपी के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
सेन्हा. थाना क्षेत्र के आरा पोड़ेया टोली में पुलिस ने शुक्रवार को एक फरार महिला अभियुक्त के घर पर न्यायालय द्वारा निर्गत इश्तेहार चस्पा किया. एसआइ दयानंद सरस्वती ने बताया कि आरोपी महिला करमी उराइन (पति- भोला उरांव) वर्ष 2012 से ही फरार चल रही है. न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने पर लोहरदगा कोर्ट के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गयी है. महिला के विरुद्ध सेन्हा थाना में 01 जुलाई 2012 को कांड संख्या 33/12 (जीआर 247/12) के तहत धारा 143, 323, 380, 452 और 504 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से वारंट के बावजूद पुलिस की पकड़ से बाहर है. एसआइ ने आरोपी महिला के घर पर इश्तेहार चस्पा कर उसे तत्काल न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियुक्त आत्मसमर्पण नहीं करती है, तो न्यायालय के अगले आदेश पर घर की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.