Lohardaga: जिला परिषद लोहरदगा सभाकक्ष में पेसा नियमावली, झारखंड-2025 को लेकर राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पेसा नियमावली के विभिन्न प्रावधानों, ग्राम सभाओं की भूमिका एवं अनुसूचित क्षेत्रों में स्थानीय स्वशासन को सशक्त बनाने संबंधी विषयों पर मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई. कार्यक्रम में बताया गया कि पेसा नियमावली का उद्देश्य अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को अधिक अधिकार प्रदान करना और विकास योजनाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है.
ग्राम सभा की नियमित बैठकें होंगी आयोजित
नियमावली के तहत ग्राम सभा को स्थानीय संसाधनों के संरक्षण, विकास योजनाओं की निगरानी, सामाजिक अंकेक्षण, परंपरागत व्यवस्थाओं के संरक्षण एवं सामुदायिक हितों से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं. बताया गया कि नियमावली में ग्राम सभा की नियमित बैठकें, योजनाओं की स्वीकृति एवं निगरानी, सरकारी एवं गैर-सरकारी एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा, उपलब्ध श्रमबल के उपयोग की योजना, प्रवासी श्रमिकों से संबंधित सूचना एवं संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं.
ग्राम सभा को जवाबदेह बनाना जरूरी
कॉन्फ्रेंस में यह भी जानकारी दी गई कि ग्राम सभा विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कर सकती है और आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों को सुझाव एवं निर्देश दे सकती है. इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत एवं अन्य संस्थाओं को ग्राम सभा के प्रति जवाबदेह बनाने का भी प्रावधान किया गया है. कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने पेसा नियमावली के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की.
बैठक में ये लोग थे शामिल
वक्ताओं ने कहा कि पेसा नियमावली अनुसूचित क्षेत्रों में लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को मजबूत करने और स्थानीय समुदायों को निर्णय प्रक्रिया में सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. आज के कार्यक्रम का उद्देश्य पेसा नियमावली के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके प्रावधानों की व्यापक जानकारी आमजन एवं संबंधित हितधारकों तक पहुंचाना था. कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारीगण, अंचल अधिकारीगण व अन्य उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
लोहरदगा के सभी विद्यालयों में विशेष आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट अभियान शुरू
पेसा कानून और पारंपरिक व्यवस्था को लेकर निशा उरांव ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
