लोहरदगा. छात्र विकास परिषद के संयोजक रामाधार पाठक ने बलदेव साहू (बीएस) महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई बंद किये जाने पर आक्रोश जताया है. उन्होंने कहा कि यह निर्णय सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े इस आदिम जनजातीय बहुल जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. यहां बड़ी संख्या में गरीब, किसान, मजदूर और वंचित परिवार रहते हैं, जिनके लिए उच्च शिक्षा का एकमात्र साधन स्थानीय कॉलेज ही है. पीजी की पढ़ाई बंद होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई छोड़ने या आर्थिक बोझ उठाकर दूसरे शहरों में जाने के लिए विवश होना पड़ेगा. रामाधार पाठक ने कहा कि सरकार एक तरफ उच्च शिक्षा के विस्तार की बात करती है, तो दूसरी तरफ पिछड़े क्षेत्रों में अवसर छीन रही है, जो सामाजिक न्याय के खिलाफ है. उन्होंने मांग की कि कॉलेज में पीजी की कक्षाएं तत्काल बहाल की जायें. उन्होंने घोषणा की कि छात्र विकास परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही झारखंड के राज्यपाल से मिलकर इस गंभीर विषय पर ज्ञापन सौंपेगा और छात्रों के हित में हस्तक्षेप का आग्रह करेगा. ड्राइवर ट्रेड यूनियन ने जागरूकता सम्मेलन के लिए एसडीओ को सौंपा ज्ञापन लोहरदगा. ऑल झारखंड ड्राइवर ट्रेड यूनियन ने एक दिवसीय ड्राइवर जागरूकता सम्मेलन और बाइक मार्च के आयोजन को लेकर एसडीओ को ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन में कहा गया है कि संपूर्ण झारखंड में वाहन परिचालन से संबंधित जानकारियां देने और ड्राइवर समाज को संगठित करने के उद्देश्य से 16 जून को लोहरदगा समाहरणालय मैदान में एक सभा का आयोजन किया जायेगा. इसके साथ ही पतरा टोली से बख्शी दीपा तक बाइक मार्च निकालने का भी निर्णय लिया गया है. यूनियन ने इस सभा और बाइक रैली के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी है.
बीएस कॉलेज में पीजी की पढ़ाई बंद होने पर छात्र विकास परिषद में आक्रोश
बीएस कॉलेज में पीजी की पढ़ाई बंद होने पर छात्र विकास परिषद में आक्रोश
