अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करें

अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करें

लोहरदगा़ समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने अधिकारियों को कई निर्देश दिये हैं. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने कार्यालयों में आमजन से मिलने का समय निर्धारित करें और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और गंभीर मामलों को जिला स्तर पर संज्ञान में लायें. बिजली और पेयजल की किल्लत पर नाराजगी जतायी : उपायुक्त ने विशेष रूप से बिजली और पेयजल की किल्लत पर नाराजगी जतायी. उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल दुरुस्त करने और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीडीओ को ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया. वहीं, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारियों को हीट-वेव और डायरिया से निपटने के लिए विशेष एक्शन प्लान तैयार रखने को कहा. बाल देखरेख संस्थानों की स्थिति सुधारने के लिए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिये गये. उपायुक्त ने कहा कि वे हर सप्ताह प्रखंडों का औचक निरीक्षण करेंगे, इसलिए अधिकारी अपने क्षेत्रों के लंबित मामलों को जल्द निपटाएं. अब प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ जन समस्याओं के समाधान की उच्चस्तरीय समीक्षा की जायेगी. उपायुक्त ने स्पष्ट निदेश दिया है कि जिला समन्वय समिति की बैठक में हर एक विभाग अपने और अन्य विभागों के मामलों को रखें जिससे कि उनका समाधान हो सके. तीन साल से जमे कर्मियों का होगा तबादला : उपायुक्त ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने निर्देश दिया कि एक ही कार्यालय में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मियों को विपत्र (बिल) संबंधी कार्यों से हटाकर उनके स्थानांतरण का प्रस्ताव दिया जाये. निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को निर्देश : डीसी ने सभी डीडीओ को वित्त विभाग के नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि कर्मियों के बैंक खाते, नाम और आधार का मिलान अनिवार्य रूप से करें. विपत्र तैयार करते समय ओटीपी किसी दूसरे मोबाइल पर न लें. सेवा पुस्तिका और बिल मैनेजमेंट सिस्टम का डेटा एक समान होना चाहिए. अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा ने भी वित्तीय सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी. बैठक में आइटीडीए निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीओ अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक समीर तिर्की, भू अर्जन पदाधिकारी सुजाता कुजूर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रमोद दास सहित सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >