बदहाल सड़क और जल संकट से जूझ रहे निंगनी के ग्रामीण

बदहाल सड़क और जल संकट से जूझ रहे निंगनी के ग्रामीण

लोहरदगा़ सदर प्रखंड के निंगनी में प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें निंगनी और जयनाथपुर के ग्रामीणों समेत स्कूली बच्चों ने अपनी समस्याएं बेबाकी से रखीं. ग्रामीणों ने बताया कि निंगनी-जयनाथपुर पथ वर्षों से बदहाल है. सड़क पर उभरे बड़े गड्ढे बारिश में जलजमाव के कारण तालाब बन जाते हैं, जिससे आवागमन जानलेवा हो गया है. प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाने के बाद भी अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है. सड़क के अलावा क्षेत्र में पेयजल का संकट भी गहराया हुआ है. कई चापाकल खराब होने से लोगों को दूर से पानी लाना पड़ता है. पैदल चलना भी दूभर : विजय साहू ने कहा कि सड़क की जर्जर हालत के कारण पैदल चलना भी दूभर है. चार पहिया वाहनों का आना तो दूर की बात है. यह पूरा क्षेत्र सब्जी उत्पादन का हब है, लेकिन खराब सड़क के कारण किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भारी आर्थिक नुकसान और शारीरिक कष्ट झेलना पड़ता है. लोग मजबूरी में ही इस पथ का उपयोग करते हैं. आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं : नारायण साहू ने कहा कि सड़क की बदहाली से नेता और अधिकारी अनजान नहीं हैं, लेकिन सभी ने अपनी आंखें मूंद रखी हैं. बार-बार की मांगों को अनसुना करना जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को दर्शाता है. प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा आम जनता और बीमार मरीजों को भुगतना पड़ रहा है. अब आंदोलन के अलावा हमारे पास कोई रास्ता नहीं बचा है. बदहाली का असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है : राहुल कुमार साहू ने कहा कि सड़क विकास का आइना होती है, लेकिन यहां की स्थिति शर्मनाक है. बदहाली का असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है. ऑटो चालक गड्ढों के कारण इस रूट पर आने से कतराते हैं, जिससे स्कूली बच्चे पगडंडियों से जाने को मजबूर हैं. प्रशासन को चाहिए कि जल्द मरम्मत कराकर हमें इस नरकीय जीवन से मुक्ति दिलाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >