लोहरदगाः मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने बैठक में एसआईआर के तहत अब तक हुई गतिविधियों और आगे की प्रक्रिया की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी.
15 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
बैठक में एसआईआर की संशोधित समय-सारणी से राजनीतिक दलों को अवगत कराया गया. उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आयोग ने प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी है. इस अवधि तक ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है, आवेदन कर सकते हैं. वहीं, जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे भी फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- स्कूल से छुट्टी लेकर निकला छात्र 12 दिनों से लापता, परिजन परेशान; पुलिस से लगाई खोजने की गुहार
19 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा-आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी. इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा. उप निर्वाचन पदाधिकारी ने एसआईआर के तहत अब तक जिले में हुई गतिविधियों को लेकर राजनीतिक दलों से फीडबैक भी लिया. उन्होंने सभी दलों से आगे भी प्रक्रिया में सक्रिय और रचनात्मक सहयोग जारी रखने की अपील की.
आम लोगों तक जानकारी पहुंचाने की अपील
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची, एएसडीडी सूची, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने में सहयोग करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने तथा नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए आवेदन करने में सुविधा होगी. बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों के अलावा निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- JSSC ने एक ही प्रमाण पत्र पर लागू किए दो नियम, एक में नियुक्ति तो दूसरे में रोक दिया रिजल्ट
