लोहरदगा : किस्को प्रखंड की नवाडीह पंचायत स्थित नवाडीह राजस्व गांव के दर्जनों पात्र किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित हैं. किसानों को पीएम किसान योजना की सात किस्त मिलने के बाद राशि आना बंद हो गयी. जब किसानों ने योजना का स्टेटस चेक किया, तो पता चला कि उनका रिकॉर्ड किस्को अंचल के नवाडीह की जगह पेशरार अंचल के नवाडीह गांव के नाम पर दर्ज है. इसके बाद से उन्हें योजना की किस्त नहीं मिल रही है.
ग्रामीणों के अनुसार, पेशरार को नया प्रखंड और अंचल बनाये जाने के दौरान जिला स्तर पर डाटा इंट्री में यह गलती हुई. आरोप है कि राजस्व कर्मियों ने किस्को अंचल के नवाडीह पंचायत के किसानों का रिकॉर्ड गलत तरीके से पेशरार अंचल के नवाडीह गांव के नाम पर दर्ज कर दिया. डाटा एंट्री की इस चूक का खामियाजा पात्र किसानों को भुगतना पड़ रहा है.
16 किस्तों से वंचित किसान
पीड़ित किसान रौशन कुमार ने बताया कि सात किस्त मिलने के बाद अब तक केंद्र सरकार की ओर से कुल 23 किस्त जारी की जा चुकी हैं. लेकिन नवाडीह के किसानों को करीब 16 किस्तों का लाभ नहीं मिल पाया है. किसानों का कहना है कि वे पिछले तीन से चार वर्षों से समस्या के समाधान के लिए अंचल और जिला कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं.
किसानों के अनुसार, किस्को अंचल की ओर से सुधार के लिए पूरी सूची और आवश्यक कागजात के साथ पत्र जिला अपर समाहर्ता कार्यालय भेजा जा चुका है. करीब चार महीने पहले भी सुधार के लिए पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक रिकॉर्ड में सुधार नहीं हो सका है.
रिकॉर्ड सुधार कर बकाया राशि देने की मांग
पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से डाटा एंट्री की गलती को जल्द सुधारने और बकाया राशि के साथ पीएम किसान योजना का लाभ नियमित रूप से दिलाने की मांग की है. किसानों का कहना है कि पात्र होने के बावजूद तकनीकी और प्रशासनिक चूक के कारण उन्हें वर्षों से योजना के लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है.
