आपूर्ति में अनियमितता ने लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी को प्रभावित कर दिया है
गोपी कुंवर
लोहरदगा. लोहरदगा शहर और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों रसोई गैस की आपूर्ति में अनियमितता ने लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी को प्रभावित कर दिया है. मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी सिलेंडर की कमी हो गयी है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है. कई परिवारों की रसोई व्यवस्था बाधित हो रही है और लोग मजबूरी में वैकल्पिक साधनों की ओर रुख कर रहे हैं.
इसी स्थिति में इंडक्शन चूल्हा एक प्रमुख विकल्प बनकर उभरा है. शहर के इलेक्ट्रॉनिक दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन चूल्हों की मांग अचानक बढ़ गयी है. पहले जहां इसकी बिक्री सीमित रहती थी, वहीं अब प्रतिदिन कई ग्राहक इसे खरीद रहे हैं. खासकर कामकाजी परिवार और छात्र-छात्राएं इंडक्शन चूल्हे को ज्यादा पसंद कर रहे हैं क्योंकि यह इस्तेमाल में आसान है और तुरंत खाना बनाने की सुविधा देता है. बाजार में इसकी कीमत डेढ़ हजार से चार हजार रुपए तक है, जो इसे आम उपभोक्ताओं के लिए सुलभ बनाती है.
बुकिंग के बाद भी समय पर नहीं मिल रहा हैउपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर बुकिंग के बाद भी समय पर नहीं मिल रहा, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है. मनोज गुप्ता जैसे ग्राहकों का मानना है कि इंडक्शन चूल्हा बेहतर विकल्प है और इसका इस्तेमाल करना भी सरल है. हालांकि, बिजली की अनियमित आपूर्ति एक बड़ी चुनौती बनी हुई है. गर्मी के मौसम में बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो गई है, जिससे इंडक्शन पर पूरी तरह निर्भर रहना मुश्किल हो सकता है.
लोहरदगा जिला प्रशासन ने एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति और वितरण पर नजर रखने की बात कही है, लेकिन उपभोक्ताओं की मांग है कि गैस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाये.