भंडरा. प्रखंड क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की किल्लत ने विकराल रूप ले लिया है. मंगलवार को इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर सुबह से लगी सैकड़ों वाहनों की कतार रात तक बेकाबू हो गयी. ट्रैक्टर, जेसीबी और बाइकों की एक किलोमीटर लंबी लाइन को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा. भीड़ तब और बढ़ गयी जब कुछ लोग बार-बार लाइन में लगकर ईंधन लेने लगे. बुधवार दोपहर को स्टॉक खत्म होने की घोषणा होते ही पंप पर अफरा-तफरी मच गयी. पंप संचालक संजय खत्री ने बताया कि आपूर्ति के अनुसार ही ग्राहकों को सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है. ईंधन नहीं मिलने से बुवाई के सीजन में किसानों के ट्रैक्टर खड़े हैं और सब्जियां मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही हैं. ऑटो-टेंपो बंद होने से स्कूली बच्चे और दैनिक यात्री पैदल चलने को मजबूर हैं. किस्को बीआरसी में शिक्षकों काे मिला प्रशिक्षण
किस्को. बीआरसी परिसर में प्रखंड के विद्यालय प्रभारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. इसमें यूडाइस प्लस के तहत स्टूडेंट मॉड्यूल, टीचर मॉड्यूल और स्कूल प्रोफाइल भरने की विस्तृत जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों ने बताया कि सत्र के लिए कक्षा केजी व पहली के सभी छात्रों की एंट्री यूडाइस पोर्टल पर अनिवार्य है. साथ ही शिक्षकों को इंपोर्ट मॉड्यूल के उपयोग की प्रक्रिया भी समझायी गयी. शिविर में ई-कल्याण पोर्टल पर छात्रवृत्ति योजना के लिए योग्य छात्रों की एंट्री जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया. वहीं, साइकिल योजना के तहत आठवीं कक्षा के एससी, एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यक छात्रों का विवरण बीआरसी में जमा करने को कहा गया. मौके पर बीआरपी संजय कुमार, सीआरपी विजय कुमार, दीनबंधु डे, रामपाल प्रजापति, नीलम संजीव रेड्डी सहित कई शिक्षक उपस्थित थे.
