विकास की सुस्त चाल से लोहरदगा बेहाल, गड्ढे खोदकर गायब हुए ठेकेदार

विकास की सुस्त चाल से लोहरदगा बेहाल, गड्ढे खोदकर गायब हुए ठेकेदार

लोहरदगा़ शहर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और कार्यदायी एजेंसियों की लापरवाही आम जनता के लिए जी का जंजाल बन गयी है. कहीं नाली निर्माण तो कहीं सड़क मरम्मत के नाम पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिये गये हैं. हफ्तों बीत जाने के बाद भी काम अधूरा रहने से स्थानीय लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति भारी नाराजगी है. मिशन चौक : घरों की नींव हो रही खोखली : नगर परिषद के ठेकेदार ने मिशन चौक के समीप नाली निर्माण के लिए करीब 15 दिन पहले गहरा गड्ढा खोदा था. तब से काम पूरी तरह ठप है. बारिश का पानी इन गड्ढों में जमा होने से न केवल आवागमन बाधित है, बल्कि आसपास के घरों की नींव भी खोखली हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो वार्ड पार्षद इस ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही नगर परिषद के अधिकारी. ठेकेदार गड्ढा खोदकर गायब है और लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं. एनएच पर जानलेवा हुए गड्ढे, प्रशासन मौन : यही हाल कचहरी मोड़ से आगे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का है. सड़क मरम्मत के लिए 10 दिन पहले सड़क काटी गयी थी, जिसे अब तक भरा नहीं गया है. सड़क के बीचों-बीच बने ये गड्ढे रात के अंधेरे में जानलेवा साबित हो रहे हैं और यहां आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. धूल, कीचड़ और जाम की समस्या से राहगीर त्रस्त हैं, लेकिन शासन-प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है. सिर्फ कागजों पर हो रही मॉनिटरिंग : जनता का आरोप है कि जनप्रतिनिधि केवल योजनाओं के शिलान्यास और फोटो खिंचवाने तक सीमित हैं. जमीनी स्तर पर विकास और मॉनिटरिंग केवल कागजों तक सिमट कर रह गयी है. चुनाव के समय किये गये वादे अब कहीं नजर नहीं आते. स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को अविलंब पूरा कराया जाये और लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई की जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >