लोहरदगा नगर परिषद चुनाव की घोषणा, 29 से नामांकन, 23 फरवरी को मतदान

लोहरदगा नगर परिषद चुनाव की घोषणा, 29 से नामांकन, 23 फरवरी को मतदान

लोहरदगा़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की घोषणा के साथ ही जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गयी है. मंगलवार को जिला समाहरणालय में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ ताराचंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लोहरदगा नगर परिषद (वर्ग-ख) के 23 वार्डों और अध्यक्ष पद के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना की जायेगी. कल जारी होगी अधिसूचना, 29 से भरे जायेंगे पर्चे : उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन की विधिवत सूचना 28 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे प्रकाशित की जायेगी. इच्छुक अभ्यर्थी 29 जनवरी से चार फरवरी तक (पूर्वाह्न 11 से अपराह्न 3 बजे तक) अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा) पांच फरवरी को होगी. नाम वापसी के लिए छह फरवरी का समय निर्धारित है, जबकि सात फरवरी को प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्नों का आवंटन कर दिया जायेगा. बैलेट पेपर से होगा मतदान, नोटा का विकल्प नहीं : इस बार निर्वाचन इवीएम के बजाय बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जायेगा. इसके लिए कुल 110 मतपेटिकाएं तैयार कर ली गयीं हैं. खास बात यह है कि इस चुनाव में मतदाताओं के लिए नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा. मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा. मतों की गिनती 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से कृषि बाजार समिति, लोहरदगा में की जायेगी. खर्च की सीमा तय, 46 मतदान केंद्र बनाये गये : नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम 6 लाख रुपये और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार 1.5 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे. जिले में कुल 43,070 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 22,043 महिलाएं और 21,027 पुरुष शामिल हैं. कुल 46 मतदान केंद्रों में से 31 को संवेदनशील और 15 को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है. चुनाव संपन्न कराने को लेकर 13 अलग-अलग कोषांगों का गठन किया गया है. पदवार निर्वाची पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति : निर्वाचन कार्य के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गयी है. अध्यक्ष पद के लिए अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा निर्वाची पदाधिकारी होंगे. वार्ड पार्षदों के लिए वार्ड संख्या एक से छह तक एलआरडीसी सुजाता कुजूर, सात से 12 तक डीसीओ मनीष कुमार, 13 से 18 तक कार्यपालक दंडाधिकारी अभिनीत सूरज और 19 से 23 तक कैरो बीडीओ छंदा भट्टाचार्य को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एसडीओ अमित कुमार और उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सुजाता कुजूर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, कैरो की प्रखंड विकास पदाधिकारी छंदा भट्टाचार्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >