लोहरदगा: लोहरदगा से लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने जेपीएससी छात्र आंदोलन को लेकर राज्य सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और मामले में त्वरित कार्रवाई की गयी है.
राहुल गांधी ने भी लाठीचार्ज पर जतायी आपत्ति
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी शांतिपूर्ण आंदोलन पर लाठीचार्ज का समर्थन नहीं किया है. सांसद ने कहा कि आंदोलनकारी छात्र शालीन हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं, जबकि भाजपा युवा मोर्चा इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहा था. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों की बात गंभीरता से सुनी है.
मामले में 20 लोगों की गिरफ्तारी
जेपीएससी मामले में सीआइडी द्वारा अध्यक्ष सहित करीब 20 लोगों की गिरफ्तारी की गयी है और इडी ने भी केस दर्ज किया है. सीमावर्ती क्षेत्रों से कुछ लोगों को बुलाकर पुलिस को उकसाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रशासन ने संयम बरता. जेपीएससी-14 और बैकलॉग परीक्षा रद्द कर दी गयी है. परीक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है. उन्होंने छात्रों से बहकावे में नहीं आने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगें सदन में उठायी जाती रहेंगी.
