लोहरदगा से गोपी कृष्ण कुंवर की रिपोर्ट
Lohardaga Cricket: लोहरदगा जिले के युवा क्रिकेट कोच एवं पूर्व राज्य स्तरीय खिलाड़ी अमित कुमार को झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) में जमशेदपुर स्टीलर्स टीम का असिस्टेंट कोच चुना गया है. यह उपलब्धि लोहरदगा जिले के क्रिकेट जगत के लिए गर्व का विषय है.
5-6 सालों से दे रहे क्रिकेट कोचिंग
अमित कुमार पिछले 5-6 वर्षों से लोहरदगा में क्रिकेट कोचिंग दे रहे हैं. उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षित कई खिलाड़ी आज झारखंड की विभिन्न आयु वर्ग और राज्य स्तरीय टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. एक खिलाड़ी से कोच बनने तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहा है.
चयन पर जताया आभार
झारखंड प्रीमियर लीग में जमशेदपुर स्टीलर्स टीम के असिस्टेंट कोच के रूप में चयनित होने पर अमित कुमार ने संगठन के पदाधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने विशेष रूप से पूर्व रणजी खिलाड़ी आजाद शत्रु का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से उन्हें यह महत्वपूर्ण मौका प्राप्त हुआ.
फाइनल में पहुंची जमशेदपुर स्टीलर्स टीम
वर्तमान में चल रहे झारखंड प्रीमियर लीग में अमित कुमार के मार्गदर्शन वाली जमशेदपुर स्टीलर्स टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंच चुकी है.
हेड कोच और टीम प्रबंधन की सराहना
अमित कुमार ने टीम के हेड कोच एस.पी. गौतम की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व, अनुभव और खिलाड़ियों पर विश्वास का टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. साथ ही टीम के ओनर अभिनव सिंह राठौर द्वारा टीम प्रबंधन और सहयोग के लिए भी उन्होंने आभार व्यक्त किया.
लोहरदगा क्रिकेट जगत में खुशी की लहर
लोहरदगा जिला क्रिकेट जगत ने अमित कुमार की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
यह भी पढ़ें: पलामू के गिरिवर प्लस टू हाई स्कूल के शिक्षक पर छात्रों से 10,000 की वसूली का आरोप, डीसी ने दिया कार्रवाई का निर्देश
यह भी पढ़ें: गुमला के 18 बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूरी, उपायुक्त की समीक्षा बैठक में कई अहम फैसले
यह भी पढ़ें: बारिश भी नहीं रोक पाई महिलाओं का उत्साह, नोवामुंडी की महुदी में 178 नौनिहालों का बना बाल आधार कार्ड
