कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
Lohardaga News: झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड में शुक्रवार को हुई तेज बारिश और वज्रपात की घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. कुड़ू प्रखंड के उडुमुड़ू गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. वहीं इस घटना में दो बकरियों और एक दुधारू गाय की भी जान चली गई. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. मृत महिला की पहचान उडुमुड़ू गांव निवासी 65 वर्षीय पाल्हो उरांव के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मवेशी चराने गई थी महिला
जानकारी के अनुसार पाल्हो उरांव शुक्रवार दोपहर अपने मवेशियों को चराने के लिए गांव के पास कोयल नदी की ओर गई थी. इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि दोपहर करीब चार बजे इलाके में जोरदार वज्रपात हुआ. उसी दौरान पाल्हो उरांव इसकी चपेट में आ गईं. वज्रपात होते ही महिला खेत में बेहोश होकर गिर पड़ी.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के समय थोड़ी दूरी पर गांव के कुछ लोग मौजूद थे. तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े. वहां पहुंचने पर उन्होंने महिला को खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देखा. ग्रामीणों ने तत्काल पाल्हो उरांव को इलाज के लिए कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
दो बकरियों और एक गाय की भी मौत
वज्रपात की इस घटना में पाल्हो उरांव की दो बकरियों की भी मौत हो गई. वहीं कुड़ू प्रखंड के लावागांई गांव में भी वज्रपात से नुकसान हुआ. यहां राहुल उरांव की एक दुधारू गाय वज्रपात की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. लगातार हो रही बारिश और आंधी-तूफान के कारण इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है.
आंधी-तूफान से कई इलाकों में नुकसान
शुक्रवार को कुड़ू प्रखंड में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया है. ग्रामीणों के अनुसार तेज हवा और बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिर गए और खेतों को भी नुकसान हुआ है. स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक मौसम खराब होने के कारण लोग संभल नहीं सके. ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. वहीं प्रशासन की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: सात फेरे, सात दिन और फिर खेला खत्म, गढ़वा के रंका में फंदे से झूल गई नई नवेली दुल्हन
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पाल्हो उरांव की मौत के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि पाल्हो उरांव मेहनतकश महिला थीं और रोज की तरह मवेशी चराने गई थीं. किसी को अंदाजा नहीं था कि अचानक आई प्राकृतिक आपदा उनकी जान ले लेगी.
इसे भी पढ़ें: 10 साल की नाबालिग के साथ किया दुष्कर्म, अब अंतिम सांस लेने तक रहेगा जेल में
