शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं के बेहतर कार्यान्वयन का निर्देश

शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं के बेहतर कार्यान्वयन का निर्देश

लोहरदगा़ उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को भंडरा प्रखंड का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये. विद्यालय और आंगनबाड़ी में गुणवत्ता पर जोर : टेंगरा टोली स्थित राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान डीसी ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और शिक्षकों व बच्चों की उपस्थिति की जांच की. उन्होंने सीओ को विद्यालय की भूमि का सीमांकन करने का निर्देश दिया. वहीं, सेंगरटोली सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में उन्होंने बच्चों के वजन व ऊंचाई मापन की नियमितता और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी रजिस्टर देखे. सेविका को 3-6 वर्ष के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और केंद्र में खिलौने उपलब्ध कराने को कहा गया. राशन वितरण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा : डीसी ने गंगा महिला मंडल जनवितरण प्रणाली दुकान की जांच की और निर्देश दिया कि लाभुकों के अनाज में किसी भी स्थिति में कटौती न हो. उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को एमओ और बीएसओ के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्देश दिया ताकि निगरानी सुदृढ़ हो सके. फंड जनरेट करने पर जोर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा के निरीक्षण में डीसी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत फंड जनरेट करने पर जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि भर्ती होने वाले राशन कार्डधारी मरीजों का अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड बनाया जाये. एमटीसी केंद्र में मैट बदलने, शौचालय की मरम्मत और दवाओं के स्टॉक रजिस्टर को अपडेट रखने के निर्देश दिये. साथ ही ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं को बेहतर बनाने और कुपोषित बच्चों की नियमित पहचान कर उन्हें भर्ती करने की बात कही. पर्यटन और मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा : उन्होंने कसपुर में तालाब जीर्णोद्धार कार्य को माॅनसून से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया. नंदिनी डैम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मत्स्य पालन के लिए केज की संख्या बढ़ाने और डैम में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने को लेकर जिला खेल पदाधिकारी को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, परियोजना निदेशक आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, डीएसओ मनीष कुमार, डीइओ दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मोहितोष पांडेय, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रिसेती भार्गवी, बीडीओ प्रतिमा कुमारी, सीओ दुर्गा कुमार समेत अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >