कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
लोहरदगा: अखिल भारतीय धोबी महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन सह नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार कनौजिया का शपथ ग्रहण समारोह महाराष्ट्र के नासिक रोड स्थित बालाजी लांस एंड रिजॉर्ट, गंगापुर सिटी, नासिक में संपन्न हुआ. राष्ट्रीय अधिवेशन सह शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि तमिलनाडु के वैज्ञानिक वी. थंगावेलू थे.
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करते हुए और बाबा संत गाडगे जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया. चुनाव पर्यवेक्षक राकेश कुमार आर्य ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की. इसके बाद मुख्य अतिथि ने शपथ ग्रहण समारोह शुरू कराया.
धोबी समाज को एकजुट और शिक्षित करने का संकल्प
शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कुमार कनौजिया ने कहा कि भारत देश के विभिन्न राज्यों के धोबी समाज ने जो सम्मान दिया है, उसकी परिकल्पना नहीं कर सकते हैं. धोबी समाज को पूरे देश में एकजुट, जागरूक व शिक्षित करने को लेकर प्रतिबद्ध हूं.
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में धोबी समाज को ओबीसी श्रेणी में रखा गया है. धोबी समाज को अनुसूचित जाति का लाभ नहीं मिल पा रहा है. इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा और हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जायेंगे. धोबी समाज को पूरे देश में अनुसूचित जाति का आरक्षण दिलाने का काम करेंगे.
झारखंड से पहुंचे धोबी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया.
राष्ट्रीय कमेटी की हुई घोषणा
राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय कमेटी की घोषणा की गई. इसमें राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र सेठ आहिरे, राष्ट्रीय महासचिव अंता राम, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लालजी भाई कनौजिया, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश रजक तथा राष्ट्रीय कोर कमेटी में कन्हैयालाल चौहान, अवधेश बैठा, ए. पोपंणा, गोपाल प्रसाद बामणिया, राकेश कुमार आर्य, दिगंबर मणिवाल सहित अन्य को शामिल किया गया.
अधिवेशन को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य अवधेश बैठा ने कहा कि झारखंड प्रदेश के सभी जिलों में संगठन को मजबूत करने को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है. धोबी समाज को झारखंड में एकजुट व जागरूक करने में पूरी टीम लगी हुई है.
अधिवेशन को विभिन्न प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष, सचिव और राष्ट्रीय अधिकारियों ने संबोधित किया. मौके पर विभिन्न प्रदेशों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया गया.
मौके पर झारखंड से अर्जुन बैठा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित कुमार, राजेश कुमार बैठा, प्रदीप बैठा, कैलाश रजक, उपेंद्र रजक, कालीपद बैठा, शंकर बैठा, गोविंद रजक, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष नंदनी प्रदेशिया, युवा अध्यक्ष मदन राठौड़, यमुनानगर के मेयर मनोज चौहान, आबू रोड के पार्षद नवीन सांखला, मदन जी बसेठा, सूरज निर्मल कर, रामबिलास प्रसाद, बलबीर निमोरिया सहित विभिन्न प्रदेशों से पहुंचे धोबी समाज के लोग शामिल थे.
