लोहरदगा़ झारखंड आंदोलनकारी महासभा जिला कमेटी की बैठक शनिवार को कचहरी मोड़ के पास जिलाध्यक्ष अनिल कुमार भगत की अध्यक्षता में हुई. इसमें संगठन को सशक्त बनाने और त्वरित निर्णयों के लिए एक स्टैंडिंग कमेटी का गठन किया गया. कमटी में अनिल कुमार भगत, प्रो विनोद भगत, अमर किंडो, मो कय्यूम खान, सुशीला लकड़ा, सीता उरांव, उषा रानी लकड़ा, सोमनाथ भगत, राम लगन उरांव, विशेषण भगत, दिनेश साहु, सूरज मोहन लकड़ा, क्रिस्टो टोप्पो, लक्ष्मण भगत, मनोज उरांव और कृष्णा कुमार ठाकुर को शामिल किया गया है. बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित हुए. निर्णय लिया गया कि विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 16 जून को एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मुलाकात करेगा. इसके अलावा संगठन विस्तार के लिए जल्द ही सभी प्रखंडों में कमेटियों का गठन किया जायेगा और प्रत्येक प्रखंड में दो-दो मजबूत साथियों को प्रभारी नियुक्त किया जायेगा. आंदोलनकारियों की आपातकालीन सहायता के लिए एक सहायता कोष बनाने, पेंशनधारियों के बकाया एरियर भुगतान, अंचलों में भेजी गयी सूचियों की त्रुटियों को सुधारने और लंबित प्रशस्ति पत्र दिलाने की मांग पर चर्चा हुई. बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष उषा रानी लकड़ा और धन्यवाद ज्ञापन कृष्णा कुमार ठाकुर ने किया. टाटा मैजिक की चपेट में आने से स्कूटी सवार घायल
सेन्हा. लोहरदगा-घाघरा मुख्य पथ (एनएच-143ए) पर रामनगर के समीप शनिवार को टाटा मैजिक की चपेट में आने से स्कूटी सवार अरविंद भगत (60 वर्ष, पिता स्व. सुकरू उरांव, निवासी तोड़ार पखन टोली) गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार, अरविंद भगत अपनी स्कूटी से लोहरदगा जा रहे थे. इसी दौरान रामनगर के पास घाघरा से लोहरदगा की ओर जा रही टाटा मैजिक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें धक्का मार दिया. स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हादसे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नीरज झा के निर्देश पर गश्ती दल ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना. पुलिस फरार टाटा मैजिक और उसके चालक की तलाश में जुट गयी है.
