सेन्हा (लोहरदगा). झलजमीरा पंचायत के गगेया गांव स्थित प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय के खेल मैदान में नव युवक सतग गगेया द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सैनिक सम्मान फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न हो गयी. फाइनल मुकाबले में जेएफसी झलजमीरा ने फुटबॉल क्लब कंडरा को हराकर खिताब अपने नाम किया.
समापन समारोह के मुख्य अतिथि अभिनव सिद्धार्थ और विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला परिषद सदस्य रामलखन प्रसाद थे. अभिनव सिद्धार्थ, रामलखन प्रसाद, मुखिया बंधन उरांव और आयोजन समिति के अध्यक्ष माइकल उरांव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ कराया. प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया.
खेल से शरीर और मन रहता है स्वस्थ
समारोह में रामलखन प्रसाद ने कहा कि खेल से शरीर और मन स्वस्थ रहता है. ग्रामीण क्षेत्र के बालक-बालिकाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है. नियमित अभ्यास के माध्यम से वे खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं.
अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. सरकार खेलो इंडिया के माध्यम से खेल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है. ऐसे आयोजनों से ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है.
टीमों और खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता के अलावा तृतीय, चतुर्थ और अष्टम स्थान तक पहुंचने वाली टीमों को एक-एक खस्सी देकर सम्मानित किया गया. मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार भी प्रदान किये गये.
इस अवसर पर क्षेत्र के भारतीय सैनिकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. मौके पर सुजीत उरांव, विश्वनाथ गोप, मोहन पहान, कार्तिक उरांव, देवलाल उरांव, राहुल उरांव, नायका उरांव समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे.
