लोहरदगा. उपायुक्त संदीप कुमार मीणा की अध्यक्षता में जिला प्रशासन द्वारा संचालित होमी जे भाभा कोचिंग सेंटर के संचालन और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर बैठक हुई. इसमें जेइइ और नीट की तैयारी, विद्यार्थियों के प्रदर्शन, सफलता प्रतिशत और आगामी सत्र में नामांकन की प्रक्रिया पर चर्चा की गयी.
बैठक में पिछले वर्षों के प्रदर्शन की समीक्षा के दौरान सफलता प्रतिशत अपेक्षाकृत कम पाया गया. इस पर उपायुक्त ने शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
नवनिर्मित भवन में शिफ्ट होगा कोचिंग सेंटर
उपायुक्त ने होमी जे भाभा कोचिंग सेंटर को नवनिर्मित भवन में शिफ्ट कर संचालन शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने नये सत्र में विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने को कहा, ताकि योग्य विद्यार्थियों तक योजना का लाभ पहुंच सके.
शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में होगी प्रतिनियुक्ति
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को होमी जे भाभा कोचिंग सेंटर के शिक्षकों को गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान के शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया. प्रतिनियुक्त शिक्षक कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए प्रभावी तरीके से कार्य करेंगे.
इसके अलावा बैठक में डॉ एपीजे अब्दुल कलाम कंप्यूटर सेंटर को पुराने भवन से नदिया स्थित विज्ञान भवन में शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में परियोजना निदेशक आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, संबंधित सेंटर के शिक्षक और संचालक समेत अन्य उपस्थित थे.
