लोहरदगा़ समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीणा की अध्यक्षता में सीएसआर के तहत विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. इसमें हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और विभिन्न बैंकों द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रगति जांची गईयीतथा लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया. डीसी ने कहा कि सीएसआर से शिक्षा, स्वास्थ्य व बुनियादी सुविधाओं में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है. बैठक में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज को नंदिनी डैम में मत्स्य पालन के लिए समिति को केज उपलब्ध कराने, टीबी मरीजों को निश्चय किट देने और सदर अस्पताल को बीएलएस एंबुलेंस मुहैया कराने का दायित्व सौंपा गया. साथ ही कुड़ू, किस्को, सेन्हा व भंडरा सीएचसी में एक्स-रे तकनीशियन तैनात करने के निर्देश दिये गये. शिक्षा क्षेत्र में हिंडाल्को को किस्को के 11 व पेशरार के 25 स्कूलों की मरम्मत और छह विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष बनाने का जिम्मा मिला. वहीं, भारतीय स्टेट बैंक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जेनरेटर लगाने तथा बहुउद्देशीय भवन व समाहरणालय परिसर में वाटर कूलर लगाने का निर्देश दिया गया. बैठक में पीडी आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उद्योग महाप्रबंधक रघुबर सिंह, डीएसडब्ल्यूओ आलोका चौधरी, नजारत उपसमाहर्ता अभिनीत सूरज, डीइओ दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रिसेती भार्गवी, डीएसइ अभिजीत कुमार, एलडीएम और हिंडाल्को के प्रतिनिधि मौजूद थे.
हिंडाल्को को स्कूलों की मरम्मत और स्वास्थ्य केंद्र में तकनीशियन देने की जिम्मेदारी
हिंडाल्को को स्कूलों की मरम्मत और स्वास्थ्य केंद्र में तकनीशियन देने की जिम्मेदारी
