बुढ़वा महादेव से पावरगंज तक गूंजा हर-हर महादेव, रात में निकली भव्य शिव बारात

बुढ़वा महादेव से पावरगंज तक गूंजा हर-हर महादेव, रात में निकली भव्य शिव बारात

लोहरदगा़ जिले भर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व गुरुवार को पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास से मनाया गया. शिवभक्ति के इस महापर्व पर पूरा लोहरदगा शिवमय नजर आया. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के शिवालयों में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शंख नगरी के प्रमुख मंदिर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान रहे. शिवालयों में उमड़ी भीड़, हुआ रुद्राभिषेक : नगर के ऐतिहासिक बुढ़वा महादेव मंदिर, स्वयंभू शिव मंदिर, कुटिया शिव मंदिर, खखपरता शिव मंदिर और पावरगंज शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा. श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शिवलिंग पर जल, दूध, दही, धतूरा और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की. कई भक्तों ने निर्जला उपवास रखकर विधि-विधान से बाबा भोले की आराधना की. इस अवसर पर विभिन्न मंदिरों में सामूहिक रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया. रुद्राभिषेक का विशेष आध्यात्मिक महत्व : पंडित अखिलेश मिश्रा ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन रुद्राभिषेक का विशेष आध्यात्मिक महत्व है. इससे ग्रह दोषों का निवारण और मानसिक शांति प्राप्त होती है. आकर्षक सजावट और भजन-कीर्तन : शाम होते ही मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया. देर रात तक मंदिरों में भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण के कार्यक्रम चलते रहे. पूजा-अर्चना में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उत्साहजनक भागीदारी देखी गयी. उत्सव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. निकली भव्य शिव बारात, भंडारे का आयोजन : उत्सव का मुख्य आकर्षण रात में निकाली गयी भव्य शिव बारात रही. गाजे-बाजे के साथ निकली इस बारात में देवी-देवताओं और भूत-पिशाचों की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं. शहर में जगह-जगह शिव बारात का भव्य स्वागत किया गया. इसके साथ ही कई स्थानों पर महाप्रसाद (भंडारा) का वितरण किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >