सरकार शहीदों की जन्मस्थली को देगी विशेष पहचान

सरकार शहीदों की जन्मस्थली को देगी विशेष पहचान

लोहरदगा़ अमर शहीद वीर बुधु भगत की जयंती पर मैना बगीचा में विशाल विकास मेला-सह-जयंती समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह तथा विशिष्ट अतिथि लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इससे पूर्व अतिथियों ने वीर बुधु भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और इस अवसर पर एक विशेष श्रद्धांजलि पुस्तक का विमोचन भी किया गया. शहीदों के सपनों का झारखंड बना रही सरकार : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह : समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के सभी शहीदों की जन्मस्थली को एक विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने जोर देकर कहा कि नयी पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और शहीदों के बलिदान के बारे में विस्तार से जानना चाहिए. सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से सुदूरवर्ती गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही है. मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वर्तमान में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित कराया जा रहा है, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है और मईंया सम्मान योजना व आवास योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति को आच्छादित किया जा रहा है. उन्होंने सांसद सुखदेव भगत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिवर्ष ऐसे आयोजन शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है. पाठ्यपुस्तकों में शामिल होगी वीर बुधु भगत की गाथा : सांसद सुखदेव भगत : विशिष्ट अतिथि सांसद सुखदेव भगत ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि वे राज्य सरकार से वार्ता करेंगे ताकि झारखंड के महान शहीदों की जीवनी को स्कूली पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाये. उन्होंने वीर बुधु भगत के ऐतिहासिक लरका आंदोलन का जिक्र करते हुए बताया कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए न केवल वीर बुधु भगत, बल्कि उनके पुत्रों हलधर-गिरधर और पुत्रियों रूनिया-झुनिया ने भी शहादत दी थी. सांसद ने समाज से नशापान त्यागने और शिक्षा की ओर बढ़ने की अपील की. उन्होंने सरना कोड के विषय पर कहा कि राज्य सरकार ने इसे पारित कर केंद्र को भेज दिया है और इसे लागू कराने के लिए हर संभव प्रयास किये जायेंगे. वीर बुधु भगत की जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेने की जरूरत : युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि वीर बुधु भगत की जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेने की जरूरत है. हमें एक बेहतर समाज का निर्माण करना है और अपने पूर्वजों की यादों को संजो कर रखना है और उनके बताये मार्ग पर चलना है. यह आयोजन हमें बहुत प्रेरित करता है. आयोजन समिति के लोग बधाई के पात्र हैं. विकास मेले में उमड़ा जनसैलाब : जयंती समारोह के साथ आयोजित विकास मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाये गये़ इसमें सरकारी योजनाओं और उत्पादों का प्रदर्शन किया गया. मेले में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी. इस अवसर पर विभिन्न गांवों से आये खोड़हा दलों (सांस्कृतिक मंडलियों) को उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया. कलाकारों के पारंपरिक गीतों और नृत्यों ने समां बांध दिया. उपस्थित लोग : इस मौके पर पर पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनुपमा भगत, कुणाल अभिषेक, आलोक साहू, रवींद्र सिंह, साजिद अहमद सहित जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >