लोहरदगा. ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल कुटमू में करम पर्व की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर करम पर्व की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया.
नागपुरी गीतों पर बच्चों ने दी नृत्य प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नागपुरी गीत ‘हाय रे हाय हमर सोना नागपुर’ सहित अन्य लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया. सामूहिक नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने झारखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़े जीवन मूल्यों को मंच पर प्रदर्शित किया.
विद्यालय परिसर को करम पर्व के अनुरूप सजाया गया था. इससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया और कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों व शिक्षकों में उत्साह दिखा.
प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकर कुमार ने कहा कि संस्कृति हमारे जीवन का अहम हिस्सा है. करम पर्व केवल भाई-बहन के स्नेह और आपसी रिश्तों की मजबूती का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के संरक्षण और उसके प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश देता है.
