डायन प्रथा का उन्मूलन जरूरी, कई परिवार हो रहे प्रभावित

डायन प्रथा का उन्मूलन जरूरी, कई परिवार हो रहे प्रभावित

लोहरदगा़ उपायुक्त डॉ ताराचंद ने सोमवार को पंचाइत कर गोइठ कार्यक्रम के 26वें संस्करण के तहत जिले के सभी मुखियाओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से संबोधित किया. इस दौरान उपायुक्त ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की. सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त : अंधविश्वास के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए डीसी ने कहा कि महिलाओं को डायन और पुरुषों को बिसाहा कहकर प्रताड़ित करना अत्यंत दुखद और दंडनीय है. उन्होंने मुखियाओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायतों में इन भ्रांतियों को दूर करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी गांव में ऐसी चर्चा होती है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें. सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जायेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. 25 मार्च तक चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान : स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बताया कि एमडीए (फाइलेरिया उन्मूलन) कार्यक्रम 25 मार्च 2026 तक चलेगा. उन्होंने मुखियाओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में छूटे हुए लोगों को डीइसी और अल्बेंडाजोल की खुराक लेने के लिए प्रेरित करें. डीसी ने सचेत किया कि फाइलेरिया एक बार होने पर लाइलाज है, इसलिए दवा का पूर्व सेवन ही एकमात्र बचाव है. (गर्भवती महिलाएं, गंभीर बीमार और दो वर्ष से कम के बच्चों को यह दवा नहीं लेनी है). लैंपस में धान बेचें किसान, बेहतर मिलेगा मूल्य : किसानों के हित में उपायुक्त ने कहा कि जिन किसानों के पास अब भी धान शेष है, वे अपने नजदीकी लैंपस में जाकर उसे बेच सकते हैं, जहां उन्हें सरकारी दर पर बेहतर मूल्य मिलेगा. साथ ही आगामी खरीफ फसल की कार्ययोजना तैयार करने के लिए लैंपस और पैक्स के साथ बैठक करने का निर्देश दिया. पेयजल और बिजली की समस्याओं का होगा समाधान : डीसी ने पंचायतों में खराब पड़े चापाकलों की सूची मांगी है ताकि उनकी अविलंब मरम्मत करायी जा सके. साथ ही बिजली संकट होने पर तत्काल विद्युत प्रमंडल को सूचित करने का निर्देश दिया. बैठक में ये रहे मौजूद : मौके पर आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा समेत कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >