लोहरदगा़ आगामी राज्यसभा चुनाव और कांग्रेस संगठन को नयी मजबूती देने की दिशा में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से शिष्टाचार मुलाकात की. करीब 30 मिनट तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति, महागठबंधन के घटक दलों के बीच समन्वय तथा संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक के दौरान सांसद सुखदेव भगत ने झारखंड के वर्तमान राजनीतिक हालात, महागठबंधन की स्थिति और कांग्रेस की संभावनाओं की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी. उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की दावेदारी मजबूत है. भाजपा की राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए सहयोगी दलों के साथ मिलकर साझा रणनीति के तहत चुनाव लड़ने पर विचार किया गया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी झारखंड में आदिवासी, दलित एवं अल्पसंख्यक समुदायों के बीच पार्टी की स्थिति तथा जनाधार को लेकर सांसद से विस्तृत फीडबैक लिया. उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया. बूथ कमेटियों को मजबूत बनाने पर बल : संगठनात्मक चर्चा के दौरान सांसद ने राज्य में बूथ कमेटियों को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के सहयोग से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जायेगा. मुलाकात के बाद सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन झारखंड कांग्रेस के लिए ऊर्जा का काम करेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी का लक्ष्य जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए राज्य में कांग्रेस की राजनीतिक ताकत को और सशक्त बनाना है.
राज्यसभा चुनाव और झारखंड में संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा
राज्यसभा चुनाव और झारखंड में संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा
