गुमला: गुमला की बेटियों ने फुटबॉल के मैदान में इतिहास रच दिया है. नई दिल्ली के डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में गुरुवार को खेले गये 65वें सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ प्रतिष्ठित सुब्रतो कप की ट्रॉफी झारखंड की झोली में आ गयी.
शुरुआत से ही गुमला की बेटियों का दबदबा
फाइनल मुकाबले में संत पैट्रिक स्कूल की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आत्मविश्वास के साथ खेल दिखाया. टीम ने आक्रमण और रक्षा के बीच बेहतरीन तालमेल बनाये रखा. मिजोरम की टीम ने वापसी के लिए कई प्रयास किये, लेकिन झारखंड की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसकी एक नहीं चली.
पूरे मुकाबले में झारखंड की खिलाड़ियों ने संयम और अनुशासन के साथ खेलते हुए मिजोरम की एनसीसी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया. अंततः झारखंड ने 2-0 से निर्णायक जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमा लिया.
यह भी पढ़ें : Gumla News: जिले में 4 पुल ध्वस्त-क्षतिग्रस्त, दर्जनों गांवों की आवाजाही पर संकट; कहीं 2 तो कहीं 9 साल से इंतजार
कोच वीणा केरकेट्टा की रणनीति बनी जीत की कुंजी
टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कोच सह प्रशिक्षक वीणा केरकेट्टा की रणनीति की अहम भूमिका रही. उन्होंने खिलाड़ियों की क्षमता के अनुसार टीम में रक्षा, मिडफील्ड और आक्रमण के बीच बेहतर संतुलन बनाया. फाइनल जैसे दबाव वाले मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने उनकी रणनीति को मैदान पर प्रभावी तरीके से लागू किया.
कप्तान बीना कुमारी ने भी टीम का शानदार नेतृत्व किया. उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले के दौरान धैर्य और अनुशासन बनाये रखा.
खुशबू ने गोलपोस्ट के सामने दिखाया दम
झारखंड की जीत में गोलकीपर खुशबू कुमारी की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही. उन्होंने गोलपोस्ट के सामने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिजोरम के कई प्रयासों को नाकाम किया. उनकी बेहतरीन गोलकीपिंग के कारण झारखंड ने फाइनल मुकाबला क्लीन शीट के साथ समाप्त किया.
मनीषा डुंगडुंग ने डिफेंस में मजबूत खेल दिखाते हुए विपक्षी हमलों को रोकने में अहम योगदान दिया. वहीं ऊषा कुमारी की तेजी और प्रभावी मूवमेंट ने मिजोरम की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाये रखा.
जिला से राष्ट्रीय मंच तक शानदार सफर
गुमला की बेटियों की यह उपलब्धि उनके लंबे विजय अभियान का परिणाम है. राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और अब खिताब भी अपने नाम कर लिया है.
फाइनल में जीत के बाद मैदान पर खिलाड़ियों की खुशी देखते ही बनी. राष्ट्रीय स्तर पर सुब्रतो कप का खिताब जीतकर संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की इन बेटियों ने न सिर्फ अपने स्कूल और जिले का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है.
टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों ने खिलाड़ियों एवं टीम प्रबंधन को बधाई दी है.
