लोहरदगा : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती, जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन तथा पार्टी की आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई. धीरज प्रसाद साहू ने कांग्रेस अध्यक्ष को झारखंड में चल रहे जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन और उनकी विभिन्न मांगों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा लंबे समय से परीक्षा प्रणाली और नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, इसलिए उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उन्हें न्याय की उम्मीद है.
युवाओं की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की मांग
साहू ने आग्रह किया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाये, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान हो सके. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं, छात्रों और आम जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी.
संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा
बैठक में झारखंड में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जेपीएससी-जेएसएससी जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर कांग्रेस की सक्रियता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
खड़गे को झारखंड आने का न्योता
मुलाकात के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने मल्लिकार्जुन खड़गे को झारखंड में आयोजित होने वाली एक विशाल आमसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं और उनका आगमन संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा. खड़गे ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए जल्द झारखंड आने की सहमति जतायी.
कांग्रेस हरसंभव सहयोग करेगी : खड़गे
मुलाकात के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस झारखंड के अभ्यर्थियों के न्यायपूर्ण अधिकारों के साथ मजबूती से खड़ी है और पार्टी हरसंभव सहयोग करेगी. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही झारखंड आकर कार्यकर्ताओं और जनता के बीच उपस्थित होंगे.
