कुड़ू़ नेशनल हाइवे 143-ए (कुड़ू-लोहरदगा मुख्य पथ) पर शनिवार को भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. यह दुर्घटना कुड़ू थाना क्षेत्र के टाटी पानी टंकी के समीप बोलेरो और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत के कारण हुई.
तेज रफ्तार का कहर, मौके पर तोड़ा दम :
मिली जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र के दोबा गांव निवासी अनूप उरांव और अंकित उरांव, कैरो थाना क्षेत्र की निवासी पिंकी उरांव को अपनी होंडा साइन बाइक पर बैठाकर लोहरदगा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा (लोहरदगा से कुड़ू) से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये और सड़क पर खून की धार बह निकली. इस हादसे में अनूप उरांव और पिंकी उरांव की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि अंकित उरांव लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.
पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों का सहयोग :
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजीत कुमार के निर्देश पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, गंभीर रूप से घायल अंकित उरांव को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कुड़ू सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया है.
ग्रामीणों ने बोलेरो को पकड़ पुलिस के हवाले किया :
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए बोलेरो को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.