लोहरदगा : गोबिंद एलॉयज लिमिटेड की टीम गोबिंद ग्वाला की ओर से रविवार को भंडरा में प्रगतिशील पशुपालकों, किसानों और पशु चिकित्सकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गयी. इसमें पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और दूध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य राजमणि उरांव थीं.
उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़ने और उन्हें प्रशिक्षण देने के लिए टीम गोबिंद ग्वाला के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि डेयरी व्यवसाय से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है. उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को डेयरी उद्यमिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया.
यूरिया युक्त आहार से बचने की सलाह
कार्यशाला में पशुओं को यूरिया युक्त आहार देने से होने वाले नुकसान पर विशेष चर्चा की गयी. वक्ताओं ने पशुपालकों को प्राकृतिक और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आहार प्रबंधन में लापरवाही से पशुओं के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है. पशुओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार संतुलित और प्राकृतिक आहार देने पर जोर दिया गया.
टीम गोबिंद ग्वाला के एचओडी आरके सिंह ने पानी और आहार प्रबंधन की जानकारी देते हुए कहा कि पशुओं को दिन में तीन से चार बार पर्याप्त मात्रा में साफ और ताजा पानी देना चाहिए. साथ ही निर्धारित मात्रा में संतुलित आहार देना जरूरी है. उन्होंने पशुओं को निर्धारित समय पर आहार देने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि बेहतर पानी और आहार प्रबंधन से पशुओं का पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है और उनकी प्राकृतिक क्षमता के अनुसार दूध उत्पादन बढ़ाया जा सकता है.
कार्यशाला में गोबिंद ग्वाला 21, गोबिंद ग्वाला सुपर और गोबिंद ग्वाला 24 गोल्ड जैसे आहार उत्पादों के संतुलित उपयोग की जानकारी भी दी गयी.
महिलाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम में पशुपालकों ने डेयरी व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की. महिलाओं को प्रशिक्षण देकर डेयरी गतिविधियों से जोड़ने और पशुपालन को आय का बेहतर साधन बनाने पर जोर दिया गया.
कार्यक्रम के अंत में झारखंड में दूध उत्पादन बढ़ाने, अच्छी नस्ल के पशुओं के विकास और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया.
मौके पर लोहरदगा प्रतिनिधि रेखा कुजूर, गौरव ट्रेडर्स के सुपर वितरक ओम, बीएआईएफ प्रभारी प्रेम कुमार, आरसी डेयरी फार्म के रामचंद्र, अनन्या पशु आहार के राम प्रसाद, वुमेन रिसोर्स डेवलपमेंट एनजीओ के मुंसफ अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
