भंडरा. भंडरा तथा आसपास के इलाके में रविवार दोपहर कम ऊंचाई पर उड़ रहे एक हेलीकॉप्टर ने लोगों के बीच कौतूहल पैदा कर दिया. इस बीच भंडरा पुलिस को सूचना मिली कि उक्त हेलीकॉप्टर उदरंगी गांव के पास क्रैश हो गया है. सूचना मिलते ही थाना के पुलिसकर्मी अलर्ट हो गये और तत्काल घटनास्थल का पता लगाने की कवायद में जुट गये. पुलिस टीम करीब एक घंटे तक क्षेत्र में छानबीन और सत्यापन के लिए परेशान रही, लेकिन क्रैश होने का कोई सुराग नहीं मिला. इसी दौरान हेलीकॉप्टर दोबारा लोहरदगा से रांची की ओर सुरक्षित वापस लौट गया, इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. क्रैश होने की यह अफवाह दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही. सांसद सुखदेव भगत कल किस्को में करेंगे समीक्षा बैठक
लोहरदगा. लोकसभा सांसद सुखदेव भगत 9 जून को पूर्वाह्न 11 बजे किस्को प्रखंड मुख्यालय में समीक्षा बैठक करेंगे. सांसद के निजी सचिव आलोक कुमार साहू ने बताया कि बैठक में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की जायेगी. सांसद मुख्य रूप से मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति और कृषि योजनाओं की अद्यतन स्थिति जानेंगे. बैठक का मुख्य उद्देश्य धरातल पर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. इसमें गर्मी के मौसम में पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं पर विशेष चर्चा होगी. सभी विभागों के पदाधिकारियों को अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा सांसद ग्रामीणों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी समस्याओं का निदान करेंगे.
