कैरो-लोहरदगा़ : उत्तका गांव में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत एक ही दिन हो गयी. उत्तका गांव निवासी 48 वर्षीय रामबली महली की पत्नी दुखमनी देवी की मौत लू लगने के कारण दस्त और बुखार से हो गयी. इसके दो घंटे बाद दुखमनी देवी के ससुर 70 वर्षीय दगुआ महली की भी मौत हो गयी. दगुआ महली लंबे समय से बीमार थे. बताया जाता है कि दुखमनी देवी को लू लगने की शिकायत दो-तीन दिन से थी. अत्यंत गरीब परिवार के सदस्य होने के कारण रामबली महली अपनी पत्नी का इलाज नहीं करा सकें जिससे उसकी मौत हो गयी.
कैरो में अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के कारण यहां मरीजों का इलाज नहीं हो पाता है. छोटी-मोटी बीमारी में भी लोगों को गांव से बाहर इलाज के लिए ले जाना पड़ता है. अत्यधिक गरीबी के कारण महिला का इलाज नहीं हो सका और मौत हो गयी. महिला को तीन पुत्री है.
