सीओ को लगान वसूली के लिए कैंप लगाने का निर्देश
लोहरदगा : उपायुक्त आकांक्षा रंजन की अध्यक्षता में जिला आंतरिक संसाधन की बैठक हुई. इसमें उपायुक्त ने राजस्व वसूली की समीक्षा की. बैठक में कहा गया कि विभाग राजस्व वसूली का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करे. किसी भी स्थिति में लक्ष्य अधूरा न रहे इसका ध्यान अधिकारी रखें. उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति में किसी तरह का कोई व्यवधान आये तो तत्काल संबंधित वरीय अधिकारी से संपर्क करें.
उन्होंने अंचलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लगान वसूली के लिए कैंप लगाया जाये ताकि लक्ष्य की प्राप्ति हो सके. बैठक में नगरपालिका पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अगर किन्हीं के पास बकाया है तो निःसंकोच कार्रवाई करें. राजस्व वसूली में न तो किसी तरह की कोताही करें और न ही किसी की पैरवी सुनें. बैठक में कहा गया कि अधिकारी अपने कर्मचारियों के साथ राजस्व वसूली को लेकर बैठक करें. ताकि स्पष्ट हो सके कि हम लक्ष्य के कितने करीब हैं.
राजस्व वसूली को लेकर कर्मचारियों को हो रही परेशानियों पर भी नजर रखें. ताकि राजस्व वसूली के लिए कार्य में लगे कर्मी भी उत्सुकता के साथ काम कर सकें. उन्होंने साप्ताहिक समीक्षा का भी निर्देश अंचलाधिकारियों को दिया. बैठक में मत्स्य पदाधिकारी को सभी तालाबों की सूची अपर समहार्ता को उपलब्ध कराते हुए बंदोबस्ती का प्रस्ताव देने का निर्देश दिया गया. ताकि बंदोबस्ती की कार्रवाई की जा सके.
बैठक में बंदोबस्त किये गये तालाबों की भी जानकारी ली. इस मौके पर जिला अवर निबंधक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, मापतौल अधिकारी को भी लक्ष्य प्राप्ति का निर्देश दिया गया. बैठक में अपर समाहर्ता अंजनी कुमार मिश्र, अनुमंडल पदाधिकारी ज्योति झा, सभी प्रखंडों के अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
