एचआइवी संक्रमण के रोकथाम की जानकारी दी
लोहरदगा : सदर अस्पताल परिसर में विश्व एड्स दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को एचआइवी संक्रमण की रोकथाम की जानकारी दी गयी. इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने रैली निकाली. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार ने कहा कि एड्स छुआछूत की बीमारी नहीं है.
एड्स के रोगियों के साथ बात करने, हाथ मिलाने, साथ खाना खाने से यह रोग नहीं फैलता है. उन्होंने एड्स मरीजों के साथ कुशल व्यवहार करने एवं उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने को लेकर पहल करने की बात कही. डॉ वंशीधर सेनगुप्ता ने कहा अनैतिक संबंध स्थापित करने से ही नहीं बल्कि एड्स अन्य कारणों से भी होता है.
इस बीमारी से संबंधित गलत धारणा को जागरूकता से ही मिटाना है. मौके पर डॉ शंभूनाथ चौधरी ने एड्स के लक्षण, कारण व रोकथाम के उपाय की जानकारी देते हुए कहा कि रोजगार के लिए बहुतायत युवा अन्यत्र पलायन करते हैं और एड्स जैसे लाइलाज बीमारी की सौगात लेकर लौटते हैं.
एड्स मरीज के प्रति गलत मानसिकता नहीं रखनी चाहिए. बल्कि उनके प्रति सहानुभूति की आवश्यकता है. जानकारी व सतर्कता ही बीमारी से बचाव का तरीका है. मौके पर आइसीटीसी की डॉ अर्चना प्रसाद ने एड्स के कारण, लक्षण और बचाव के संदर्भ में जानकारी दी. उन्होंने सरकार द्वारा एड्स पीड़ित मरीजों को दी जानेवाली सुविधाओं को बताया.
उन्होंने कहा कि एड्स पीड़ित मरीज को सरकार की ओर से 1000 रुपये प्रतिमाह पेंशन के रूप में दी जाती है. वही अव्यस्क पीड़ित बच्चों को 2000 रुपये प्रतिमाह दिया जाता है. मौके पर प्रशांत चौहान, सच्चिदानंद लाल, सतीश तिर्की, सुनील सिंह, मो आविद, बिंदेश्वर भगत, पवन कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश, अनुराग, विजय, समीर, किरण सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे.
