बगैर लेवी दिये काम शुरू करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी
बमबारी कर मजदूरों की पिटाई की उनका मोबाइल छीना
कुड़ू : थाना क्षेत्र के मकांदू पहाड़ पर संचालित बालाजी स्टोन ट्रेडिंग वर्कर्स लिमिटेड नामक खदान में रविवार देर रात पीएलएफआइ उग्रवादियों ने हमला किया़ इसमें एक दर्जन हथियार बंद लोग लेवी की मांग को लेकर एक घंटे तक जम कर उत्पात मचाया. दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन बम विस्फोट करते हुए मजदूरों के साथ जम कर मारपीट की़ एक दर्जन मजदूरों के मोबाइल छीन लिये. इन लोगों ने पीएलएफआइ के नाम पर परचा छोड़ते हुए लेवी की मांग की है़ ये लोग अपने को पीएलएफआइ उग्रवादी संगठन का बता रहे थे. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी है.
बताया जाता है कि उक्त एंजेसी द्वारा खदान से पत्थर तोड़ कर मकांदू के क्रशर में लाया जाता है. लगभग पांच एकड़ में फैले पहाड़ पर रविवार रात लगभग 10 बजे मजदूर काम बंद कर खाना खाने जा रहे थे. इसी बीच एक दर्जन हथियारबंद उग्रवादी खदान में पहुंचे तथा अपने को पीएलएफआइ का उग्रवादी बताते हुए दशहत फैलाने के उद्देश्य से तीन बम विस्फोट किये. इसके बाद सभी उग्रवादी मजदूरों की एक-एक कर पिटाई शुरू कर दी. मजदूरों को बेरहमी से लाठी-डंडे से पिटाई की गयी.
मारपीट में एक मजदूर को गंभीर चोट लगी है. उग्रवादियों ने सभी मजदूरों को बंधक बना लिया तथा मोबाइल छीन कर चलते बने. जाते-जाते उग्रवादी लेवी की मांग तथा बगैर लेवी दिये काम शुरू करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देकर पहाड़ पर से उतर गये. सभी उग्रवादी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे थे. पहाड़ के नीचे बाइक खड़ी कर पैदल पहाड़ पर चढ़े थे.
घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से चान्हो थाना क्षेत्र के पंडरी की तरफ निकल गये. घटना के एक घंटे बाद खदान संचालक को सूचना मिली़ खदान संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी. रात में ही कुड़ू थाना प्रभारी हरिऔध करमाली पुलिस जवानों के साथ खदान पहुंचे तथा जांच शुरू कर की. समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा था. प्राथमिकी दर्ज करने के प्रक्रिया शुरू थी.
दिनभर छाया रहा सन्नाटा
इस घटना के बाद सोमवार को दिन भर खदान में सन्नाटा पसरा रहा. मजदूरों ने दिनभर काम नहीं किया.
