हर महीने लगभग पांच-छह हजार के मशरूम की बिक्री
कैरो : महिलाएं भी अपने घरों में रोजगार कर आत्मनिर्भर बनने की राह पर निकल चुकी है. कैरो प्रखंड की कई महिलाएं मशरूम उत्पादन का काम शुरू कर चुकी है. कुछ महिलाएं बड़े पैमाने पर तो कुछ महिलाओं द्वारा अपने घरों में छोटे स्तर पर इस काम का शुरू किया गया है. महिलाएं बताती हैं कि मशरूम उत्पादन में लागत कम है और मुनाफा ज्यादा. घर में उत्पादन किया जा सकता है इसलिए अलग से मेहनत की भी आवश्यकता नहीं है. कैरो निवासी प्रभा देवी अपने घर में मशरूम उत्पादन का काम शुरू की है.
उसने बताया कि मशरूम उत्पादन के शुरुआती दौर में पांच हजार की लागत से काम शुरू की थी. बीज लगाने के बाद मशरूम का उत्पादन महज कुछ ही दिनो में हो जाता है. इसमें ज्यादा मेहनत की आवश्यकता नहीं होती. शुरुआती दौर में मशरूम बेचने के लिए बाजार जाना पड़ता था. लेकिन धीरे-धीरे लोग मशरूम के गुणों से अवगत हुए. इसके बाद बाजार जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती.
अब लोग घर पर आकर ही मशरूम ले जाते हैं जिससे बाजार जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती है. घर से रोजाना मशरूम बिक जाता है. महीने में लगभग पांच-छह हजार रुपये का मशरूम घर से ही बिक जाता है. घर में बैठ कर समय गंवाने के बजाय अब मशरूम की खेती से पैसा आने लगा है. इससे घर की स्थिति में सुधार हुआ है. प्रभा देवी ने बताया कि मशरूम उत्पादन अब अन्य महिलाएं भी कर रहीं हैं. इससे जहां हमलोगों को रोजगार मिला वहीं हमलोग अपने घरों में स्वावलंबी भी हुए हैं.
