अभिभावक मंच ने बच्ची को न्याय दिलाने का भरोसा दिया

लोहरदगा : शहर के एक निजी विद्यालय में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के 16 दिन बीतने के बावजूद अब तक आरोपी का सुराग नहीं मिलना दुखद है. जिला पुलिस प्रशासन शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार करे अन्यथा बाध्य होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना होगा. उक्त बातें झारखंड राज्य अभिभावक मंच के प्रदेश […]

लोहरदगा : शहर के एक निजी विद्यालय में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के 16 दिन बीतने के बावजूद अब तक आरोपी का सुराग नहीं मिलना दुखद है. जिला पुलिस प्रशासन शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार करे अन्यथा बाध्य होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना होगा.

उक्त बातें झारखंड राज्य अभिभावक मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शहर के गुदरी बाजार स्थित खेमराज स्मृति भवन में पत्रकारों से कही. उन्होंने कहा कि दोषी को किसी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने में अभिभावक मंच एड़ी- चोटी का जोर लगायेगी. पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि अभिभावक मंच का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को उक्त स्कूल में जाकर स्कूल के अध्यक्ष, शिक्षिकाओं, स्टाफ से बातचीत की. सभी ने इस घटना की निंदा करते हुए जांच में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है. इस मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इसके लिए मंच ने बाल संरक्षण आयोग दिल्ली को पत्र लिख कर मामले की जानकारी दी है. श्री राय ने बताया कि ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष शिवानी जैन को इस संबंध से अवगत कराया गया.
श्रीमती जैन ने इस पूरे मामले को लेकर राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग को पत्र लिखा है साथ ही पत्र के साथ संबंधित रिपोर्ट की कॉपी भी सौंपी है. उन्होंने बाल संरक्षण आयोग से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराते हुए दोषी को अविलंब सजा दिलाएं. ताकि पीड़ित परिवार को उचित न्याय मिले. उन्होने जिला प्रशासन से मांग किया है कि बच्ची व उसके अभिभावक को पूरी तहर सुरक्षा मिलनी चाहिए. सच्चाई को सामने लाने और दोषी की गिरफ्तारी के लिए अभिभावक मंच प्रयास करेगा.
उन्होंने कहा कि मंच ने पीड़िता व उसके अभिभावक से भी बात की है. उसे शीघ्र न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया गया है. मौके पर प्रदेश सचिव संजय सर्राफ, नीरज भट्ट, संजीव दत्ता, दीपक सर्राफ, अनूप दास, हेमंत वर्मा, चंदन गोयल, मनीष कुमार, शशि भूषण सिंह, नीरज कुमार, राजीव रंजन मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >