लोहरदगा : पेशरार प्रखंड के हेसाग पंचायत में जनता दरबार, पेंशन शिविर सह विकास मेला का आयोजन किया गया. उद्घाटन उपायुक्त आकांक्षा रंजन ने किया. मौके पर उपायुक्त ने पंचायत के छूटे लाभुकों को विशेषकर पेंशन, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, दिव्यांग प्रमाण-प्रत्र, नया पेंशन स्वीकृत, गैस कनेक्शन समेत अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसी भी लाभुक का दो तीन बैंक खाता है, तो बैंक के नियमानुसार लाभुक का एक ही बैंक खाता लिंक रहता है. उसके कारण पेंशन राशि भेजने के बाद लाभुक किसी और खाता में चेक करता है.
उपायुक्त ने लाभुकों से अपील की कि वे किसी एक ही बैंक का खाता का संख्या दें. कहा कि नया राशन कार्ड तब ही बन पायेगा, जब सक्षम व योग्य व्यक्ति राशन कार्ड स्वेच्छा से सरेंडर करें. जिनके पास बाइक, पांच एकड़ से अधिक जमीन, सरकारी नौकरी, दो मंजिला या तीन कमरे का पक्का मकान हो, ऐसे व्यक्तियों को राशन कार्ड सरेंडर करना चाहिए, ताकि योग्य लाभुकों को उसका लाभ मिल सकें. उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, जन आरोग्य जीवन बीमा में निःशुल्क पांच लाख का स्वास्थ्य गोल्डेन कार्ड बनाया जा रहा है.
गरीब परिवार के सदस्य का इलाज पैसे के अभाव में नहीं हो पाता था. लेकिन अब सही समय में इलाज निःशुल्क होगा. उपायुक्त ने झारखंड सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजना स्वास्थ्य केंद्र, हाई स्कूल का निरीक्षण किया. मौके पर उज्ज्वला योजना के तहत 47 लोगों के बीच गैस कनेक्शन दिया गया.
प्रधानमंत्री आवास योजना का गृहप्रवेश कराया गया. मेला में परिसंपत्ति का वितरण किया गया. स्वस्थ्य आयुष्मान भारत, जन आरोग्य द्वारा गोल्डेन कार्ड, मनरेगा जाॅब कार्ड का वितरण हुआ. मौके पर ग्रामीणों ने उपायुक्त महोदय को आवेदन देकर रोड, स्कूल व स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने स्तर से समस्याओं के समाधान करने का निर्देश दिया.
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाये गये. स्टॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व संबंधी, आपदा प्रबंधन संबंधी, आइटीडए, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मलेरिया जांच, आपूर्ति, समाज कल्याण, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, परिवहन, कौशल विकास, पशुपालन, गव्य विभाग, मत्स्य विभाग, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी महिला स्वयं सहायता समूह, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, भूमि सुरक्षण, कृषि उद्यान, तकनीकी विभाग, बिजली, पेयजल व स्वाच्छता और जिला साक्षरता समिति का लगाया गया था.
मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक, अपर समाहर्ता रंजीत कुमार सिन्हा, उपविकास आयुक्त आर रोनिटा, डीटीओ अमित बेसरा, प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, अनुमंडल पदाधिकारी ज्योति झा, डीएसपी अजय कुमार, हेसाग मुखिया तारामनी लकड़ा, तुइमू, पेशरार व सिरम की मुखिया, डाॅ विजय कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी पंकज कुमार झा, आपूर्ति खाद्य पदाधिकारी राजीव नीरज, जिला शिक्षा अधीक्षक रतन कुमार माहवार, विकास योजना के अन्य पदाधिकारीगण, पंचायत समिति, वार्ड, सहिया, सेविका, जलसहिया उपस्थित थे.
