लोहरदगा : शहरी क्षेत्र में सड़क जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. शहरी क्षेत्र का मुख्य पथ होते हुए राणा चौक, महावीर चौक , शास्त्री चौक, अमला टोली, सोमवार बाजार, पावर गंज चौक, मैना बागीचा और रेलवे साइडिंग में दिन भर सड़क जाम रहती है. इस पथ से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल होता है. वाहन जाम मे फंसे रहते हैं, स्कूलों बस भी सड़क जाम में फंसे नजर आते हैं. जाम का मुख्य कारण शहर में बाइपास सड़क का नहीं होना है. शहर से ही बाक्साइट ट्रकों का परिचालन होता है, भारी वाहनों का भी परिचालन शहर से ही होता है.
ऐसी स्थिति में सड़क जाम लगातार होता रहता है. शहर में अतिक्रमण भी जाम का एक बडा कारण है. शहरी क्षेत्र में हर ओर अतिक्रमण है. दुकानदार अपने सामान सड़क किनारे रख देते हैं जिससे जाम हो जाता है. समाहरणालय के पास पैदल चलने के लिए लाखों रुपए की लागत से फुटपाथ बनाया गया. लेकिन इस पर भी दुकान लगा दिया गया है, अॉटो भी सडकों मे बेतरतीब तरीके से खड़े कर दिये जाते हैं. आये दिन सड़क जाम के कारण दुघर्टनाओं की संख्या में भी बढोतरी हुई है.
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लगातार निर्णय लिए जाते हैं कि अभियान चलाया जाये, लेकिन कोई लाभ नहीं होता है. पावरगंज चौक में सड़क किनारे दुकान लगाने से सड़क जाम रहती है. इसके लिए भी डीसी विनोद कुमार ने निर्देश दिया था. लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ है. जिले में लगातार वाहनों की जांच की जा रही है, दूसरे प्रदेश के पंजीकृत ट्रकों का रजिस्ट्रेशन यहां से कराने का निर्देश दिया गया था.
लेकिन इस पर भी कुछ नहीं किया गया है. बगैर कागजात एवं फर्जी कागजात पर सैकड़ों वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं. सडक जाम मे ये भी भागीदार हैं. लोहरदगा में बाईपास सड़क के नाम पर लंबे अरसे से लोगों को छला जा रहा है.
