किसी मद की राशि लंबे समय से बची है, तो उसे सरकार के खाते में जमा करें
भंडरा : प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश चंद्र मिश्र ने गुरुवार को भंडरा प्रखंड व अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. भंडरा पहुंचने पर आयुक्त का स्वागत डीसी विनोद कुमार ने किया. प्रखंड परिसर में उन्हे गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में प्रखंड के नाजिर की अनुपस्थिति को आयुक्त ने गंभीरता से लेते हुए बीडीओ को फटकार लगायी.
उन्होंने बीडीओ तेज कुमार हस्सा को निर्देश दिया कि अपने अधीन काम करनेवाले कर्मियो पर नियंत्रण रखें. कार्यालय में साफ-सफाई व अन्य व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए. आयुक्त ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का निबटारा शिविर लगा कर करें व प्रत्येक मद का कैश बुक रखें. किसी मद की राशि यदि लंबे समय से बची है,
तो उसे सरकार के खाते में जमा करें. उन्होंने किसानो के लिए बरसात से पूर्व की गयी तैयारियों के संबंध में जानकारी ली. किसानों को दी जानेवाली सुविधाओं पर भी चर्चा की. पशु टीकाकरण के संबंध में आयुक्त ने जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत काम करें, ताकि निर्धारित समय सीमा के अंदर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकें. अधिकारी टूर डायरी बनाये व अधिक से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करें. प्रमंडलीय आयुक्त ने भंडरा अंचल के निरीक्षण के क्रम में तत्कालीन बीडीओ सह सीओ सुरेंद्र कुमार द्वारा की गयी वित्तीय अनियमितता को पकड़ा. तत्कालीन बीडीओ सह सीओ सुरेंद्र कुमार ने मनमानी करते हुए बगैर प्रशासनिक स्वीकृति के सामान्य मद से 60 हजार राशि की निकासी कर ली थी. राशि का खर्च अंचल भवन की मरम्मत में दिखाया गया है.
आयुक्त ने कहा कि बगैर प्रशासनिक स्वीकृति के सरकारी राशि का खर्च करना वित्तीय अनियमितता होती है. आयुक्त ने इसकी जांच करने की जिम्मेवारी अपर समाहर्ता रंजीत सिन्हा को दी. बताया जाता है कि बाद में सेन्हा सीओ सीमा कुमारी भंडरा अंचल के प्रभार में थी, तब सीओ सजावट के नाम पर 20 हजार का खर्च बगैर सरकारी प्रशासनिक अनुमति के कर दी थी. मौके पर आयुक्त ने अधिकारियों को कई निर्देश दिये. मौके पर डीडीसी शशिधर मंडल, अपर समाहर्ता रंजीत कुमार सिन्हा समेत अन्य मौजूद थे.
