बीएस कॉलेज लोहरदगा में स्नातकोत्तर की पढ़ाई होगी

पीजी, बीएड, बीबीए और बीसीए की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को नहीं जाना होगा बाहर लोहरदगा : बलदेव साहू महाविद्यालय में अब स्नातकोत्तर की पढ़ाई होगी. इसके साथ बीएड, बीबीए और बीसीए का पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी रांची विश्वविद्यालय के एकेडमिक काउंसिल ने दे दी है. कॉलेज के प्राचार्य प्रो लोहरा उरांव ने बताया […]

पीजी, बीएड, बीबीए और बीसीए की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को नहीं जाना होगा बाहर

लोहरदगा : बलदेव साहू महाविद्यालय में अब स्नातकोत्तर की पढ़ाई होगी. इसके साथ बीएड, बीबीए और बीसीए का पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी रांची विश्वविद्यालय के एकेडमिक काउंसिल ने दे दी है. कॉलेज के प्राचार्य प्रो लोहरा उरांव ने बताया कि लोहरदगा जैसे जनजातीय बहुल और पिछड़े जिले में पीजी, बीएड, तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई इस कॉलेज में शुरू होना बहुत बड़ी बात है. गरीबी, संसाधन और शिक्षण संस्थान के अभाव में जो विद्यार्थी आगे की पढ़ाई नहीं कर पाते थे, उनके लिए यह बड़ा मौका है. 23 मई को यूनिवर्सिटी के एकेडमिक काउंसिल की बैठक हुई थी. इस बैठक में बीएस कॉलेज की ओर से उपरोक्त सभी पाठ्यक्रमों को शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया था. जिसे चर्चा के बाद मंजूरी दे दी गयी.
बीएस कॉलेज में फिलहाल 17 स्थायी शिक्षकों सहित कुल 38 शिक्षक हैं. इसलिए पीजी की पढ़ाई में समस्या नहीं आयेगी. जिन विषयों में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने को मंजूरी मिली है उनमें कुड़ूख, पॉलिटिकल साइंस, हिंदी, इतिहास और अर्थशास्त्र शामिल हैं. पिछले दिनों यूनिवर्सिटी के प्रोवीसी प्रो कामिनी कुमार ने बीएस कॉलेज का निरीक्षण किया था. कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों पर संतोष जताते हुए इन पाठ्यक्रमों को शुरू कराने की सिफारिश की थी. ज्ञात हो कि लोहरदगा जिला में उच्च शिक्षा के लिए लोगों को रांची या अन्य शहरों में जाना पड़ता है.
इस महंगाई के जमाने में बहुत सारे मध्यम वर्गीय परिवार के लोग पैसे के अभाव में रांची या अन्य बड़े शहर में नहीं जा पाते थे. जिसके कारण चाह कर भी लोग उच्च शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते थे. अब लोहरदगा में एमए और अन्य पाठ्यक्रमों की पढ़ाई शुरू हो जाने से लोगों को काफी सुविधा होगी. खास कर लड़कियों काे ज्यादा लाभ होगा. वहीं लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >