लोहरदगा : व्यवहार न्यायालय परिसर में पारा लिगल वोलेंटियर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंद्र प्रकाश अस्थाना, उपायुक्त विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक राजकुमार लकड़ा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम गोपाल पांडेय तथा अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन लोहरदगा प्रमोद पुजारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि पारा लिगल वोलेंटियर्स को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नालसा और झालसा के विभिन्न योजनाओं, भारतीय संविधान, आपराधिक कानून से संबंधित पारिवारिक विवाद से जुड़े कानून, महिला और बच्चों से जुड़े कानून, विधिक सेवाएं एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के विषय से अवगत कराया जायेगा.
इसके अलावा आपातकालीन स्थिति से तत्काल निपटने के लिए भी प्रशिक्षित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि ट्रेंनिंग मॉडल में सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक ज्ञान दोनों का विवरण है. पारा लिगल वोलेंटियर्स को विभिन्न माध्यमों से प्रशिक्षित किया जा रहा है जिससे निश्चित रूप से उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी. वे पहले से ज्यादा अपने कार्य के प्रति जागरूक होंगे.
मौके पर डीसी और एसपी ने कहा कि पारा लिगल वोलेंटियर्स को इस तरह से प्रशिक्षित करना सराहनीय है. जिला प्रशासन द्वारा पारा लिगल वोलेंटियर्स को हर संभव सहयोग प्रदान किया जायेगा. मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव लक्ष्मीकांत ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार लोहरदगा में 19 पारा लिगल वोलेंटियर्स हैं. सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा आम लोगों के बीच एक ब्रिज का काम करते हैं. उन्होंने सभी पारा लिगल वोलेंटियर्स से उम्मीद जतायी कि वे प्रशिक्षकों द्वारा बताये जा रहे बातों को ध्यान से सुनेंगे तथा अगर किसी भी तरह की समस्या हो तो तत्काल प्रश्न पूछने से परहेज नहीं करेंगे.
मौके पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजकुमार मिश्रा, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी चौधरी एहसान मोईज तथा अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी निरूपम कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मनोज कुमार इंदवार, श्रम अधीक्षक दीप्ति तिर्की, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा चंदा भट्टाचार्या, अध्यक्ष बार एसोसिएशन प्रमोद पुजारी, सचिव जिला अधवक्ता संघ हेमंत कुमार सिन्हा सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
