कुड़ू़ : मंगलवार शाम थाना क्षेत्र के हेंजला निवासी किराना दुकानदार सह धान व्यवसायी को उसके घर में बंधक बना कर चार हथियारबंद अपराधियों ने जेवरात समेत नकद 35 हजार रुपये कुल मिला कर लगभग एक लाख रुपये की संपति लूट कर फरार हो गये़ रात में ही पुलिस को सूचना मिली. सूचना पाकर थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहू मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की. सूचना पाकर एसपी राजकुमार लकड़ा और एसडीपीओ अरविंद कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे तथा व्यवसायी से पूरे मामले की जानकारी ली.
बताया जाता है कि हेंजला निवासी किराना दुकानदार सह धान व्यवसायी शंकर साहू मंगलवार की शाम अपने घर में खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे़ इसी बीच मंगलवार शाम लगभग आठ बजे चार अपराधी पहुंचे और चावल लेने की बात कहते हुए घर का दरवाजा खुलवाया.
दरवाजा खुलने के बाद स्वंय को उग्रवादियों का आदमी बता खाना बनाने का आदेश दिया. खाना बनने के बाद अपराधियों ने शंकर साहू को बंधक बना लिया. शंकर साहू के साथ अपराधियों ने मारपीट भी की. घर में मौजूद अन्य सदस्यों को घर में किनारे बैठाते हुए लूटपाट शुरू कर दिया. अलमीरा में रखे नकद लगभग 35 हजार रुपये तथा लगभग 70 हजार रुपये के सोने तथा चांदी के जेवरात लूट निकल गये. भुक्तभोगी ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इस मामले में कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं है. लेकिन पुलिस को घटना की जांच के बाद कई अहम सुराग मिले हैं. जल्द ही मामले का खुलासा हो सकता है.
