सर्व शिक्षा अभियान के पदाधिकारियों और कर्मियों की समीक्षा बैठक
लोहरदगा : क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल रांची के अच्युतानंद ठाकुर की अध्यक्षता में सर्व शिक्षा अभियान के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई. मौके पर अच्युतानंद ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्तरोत्तर वृद्धि पर सरकार की पैनी नजर है.
उन्होंने कहा कि हम अपने लक्ष्य तभी प्राप्त कर सकते हैं, जब विद्यालय के पोषक क्षेत्र के सभी बच्चों का विद्यालयों में शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो जाये. यह सभी की जिम्मेवारी है कि उन बच्चों का विद्यालय में ठहराव तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो. विशेष कर विद्यालयों के शिक्षक तथा प्रधानाध्यापकों की जिम्मेवारी तय होगी. नामांकन, ठहराव के साथ गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण कार्य है, जिसे हासिल करना है.
2017 गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए सरकार द्वारा घोषित वर्ष है. क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्य सचिव झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह जिला में समीक्षात्मक बैठक होनी है. सभी बीइइओ, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी को कहा कि नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण/पर्यवेक्षण किया जाये और इसका समेकित प्रतिवेदन जिला के माध्यम से प्रमंडलीय कार्यालय को उपलब्ध कराया जाये. निरीक्षण और पर्यवेक्षण सुधारात्मक हो, सुनिश्चित किया जाये. वैसे विद्यालय की सूची अविलंब उपलब्ध कराया जाये, जिनका भवन जर्जर है.
बैठक में आधार और आधार सीडिंग की प्रखंडवार समीक्षा की गयी. 20 जून तक निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति का निर्देश दिया गया. मौके पर कंप्यूटर आधारित शिक्षण की जानकारी दी गयी. जिला में 10 विद्यालयों को सीएएल के लिए चिह्नित किया गया. मौके पर पंख कार्यक्रम, विद्यालय के बच्चों को देय विभिन्न छात्रवृत्ति की समीक्षा की गयी व बताया गया कि राष्ट्रीय मेघा, राज्य मेघा सह निर्धनता और राज्य मेघा छात्रवृति के लिए ज्यादा से ज्यादा बच्चों का आवेदन भरा जाये. इंस्पायर अवार्ड के लिए ऑनलाइन फॉर्म 20 जून तक भराया जाये, जो वर्ग 6 से 12 तक के बच्चों के लिए है. बेंच ,डेस्क, आंतरिक वायरिंग, रनिंग वाटर की भी समीक्षा की गयी.
बैठक में जीरो ड्रॉप आउट पंचायत की जानकारी प्राप्त की गयी तथा कहा गया कि जिले के 31 पंचायतों को जीरो ड्रॉप आउट चिह्नित घोषित किया गया है. शेष 35 पंचायतों को भी जीरो ड्राप आउट घोषित किया जाना है.
इसकी विद्यालय और संकुल स्तर पर आवश्यक तैयारी की जाये. वीईआर रजिस्टर शत प्रतिशत निर्धारण किया जाये. बैठक में कहा गया कि विद्यालयों से शत प्रतिशत नामांकन का घोषणा पत्र लेना सुनिश्चित किया जाय. विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रत्येक माह बैठक कराते हुए उसकी कार्यवाही बीआरसी में जमा किया जाये. इस दौैरान मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा की गयी और कहा गया कि प्रतिदिन 51969 या 9223166166 नंबर पर एसएमएस किया जाना सुनिश्चित किया जाये.
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी उर्मिला कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान रेणुका तिग्गा, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीला लकड़ा, बीइइओ अनिल कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह ,सुरेंद्र कुमार सिंह, अनुराधा रानी, एपीओ अशोक पांडेय, सरिता एक्का, सपना सिंह, रघुनंदन उरांव, श्याम चौधरी, यासिन अंसारी , सुफियान अंसारी, अरविंद उरांव, श्याम बिहारी यादव, रियाजुद्दीन अंसारी, सर्व शिक्षा कर्मी जिला सहित प्रखंड स्तरीय बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी मौजूद थे.
