बाइक पलटने से महिला गंभीर, रिम्स रेफर
बाइक पलटने से महिला गंभीर, रिम्स रेफर
बालूमाथ. हेरहंज थाना क्षेत्र के हुंबू गांव के समीप सड़क हादसे में एक बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल की पहचान हेरहंज ग्राम निवासी गीता देवी (37 वर्ष, पति अनिल यादव) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गीता देवी अपने रिश्तेदार गोलू यादव के साथ सीरम गांव से बाइक पर सवार होकर हेरहंज जा रही थीं. इसी दौरान हुंबू गांव के समीप एक ठोकर (स्पीड ब्रेकर) पर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे गीता देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयीं. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ दयानंद कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. वृद्ध महिला ने एसपी से लगायी न्याय की गुहार
लातेहार. जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के कुचिला गांव निवासी मणी देवी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपनी जमीन हड़पने, जान-माल के सुरक्षा की गुहार लगायी है. मणी देवी ने अपने आवेदन में कहा है कि उनके पति कलेंद्र साव की मानसिक स्थिति खराब है और वे लंबे समय से लापता हैं. उनके पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर रिश्तेदार सोमनाथ साव, सत्या कुमार एवं उनके सहयोगी उनकी जमीन पर कब्जा करने की साजिश रच रहे है. मणी देवी ने बताया कि उनकी एक विवाहित पुत्री है जिसके तीन बच्चे हैं और वहीं उनके बुढ़ापे का सहारा हैं. उन्होंने पुलिस अधीक्षक से इस मामले में पहल करते हुए न्याय की गुहार लगायी है.