चंदवा़ मेन रोड स्थित चंदवा थाना के ठीक सामने शनिवार दोपहर चंदवा थाना का एक पीसीआर वैन (जेएच19बी-0715) तेज गति से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उक्त वैन ने सड़क किनारे खड़ी एक मोपेड (जेएच19सी-1313) व स्कूल से घर जा रहे छात्र को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में छात्र घायल हो गया. उसकी पहचान संजीत उरांव पिता संजय उरांव (टुढ़ामू, चंदवा) के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार संजीत उरांव अपने दोस्त सत्यम ठाकुर पिता प्रमोद ठाकुर के साथ स्कूल की छुट्टी के बाद मेन रोड होते टुढ़ामू गांव जा रहा था. इसी दौरान सामने से उक्त पीसीआर तेज गति से आयी. सड़क के किनारे नाली के स्लैब को पार करते हुए उक्त छात्रों को चपेट में ले लिया. इसके बाद हरि दुबे के घर के बाहर दीवार से टकराकर वैन रूकी. इस घटना में संजीत घायल हो गया. तत्काल आसपास के लोगों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी. प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो वाहन चलाने के दौरान पीसीआर वैन के चालक रघु तुरी की अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण उक्त घटना घटी. सूचना के बाद पुलिस निरीक्षक रणधीर कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. अस्पताल जाकर चालक व छात्र का हालचाल जाना. खबर लिखे जाने तक घायल छात्र का उपचार जारी था. इस घटना में एक बड़ा हादसा टल गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
