बालूमाथ (लातेहार). बालूमाथ थाना क्षेत्र के मसियातु गांव में शनिवार की शाम खराड़ पुल के समीप बने गड्ढे में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गयी. मृतकों में रितिका कुमारी (आठ वर्ष), पिता राजदेव उरांव और साक्षी कुमारी (सात वर्ष), पिता सिकंदर उरांव शामिल हैं. दोनों मसियातु गांव की रहने वाली थीं.
नहाते हुए गहरे पानी में चली गयी
बताया जाता है कि पोटमाही घाटी के नीचे बने खराड़ पुल के समीप बारिश के बाद गड्ढे में पानी जमा था. आसपास के गांवों के कई बच्चे वहां नहाने गये थे. इसी दौरान दोनों बच्चियां नहाते हुए गहरे पानी में चली गयी और डूब गयी. साथ में नहा रहे अन्य बच्चों ने गांव जाकर इसकी सूचना दी. जब तक ग्रामीण गड्ढे के पास पहुंचे, तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी.
ये भी पढ़ें: लातेहार: 7 महीने के अंधेरे के बाद लेजांग में लौटी रोशनी, ट्रांसफार्मर लगते ही गांव में जश्न जैसा माहौल
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. दोनों बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों और परिजनों ने घटना की सूचना बालूमाथ पुलिस को नहीं दी थी. इस संबंध में बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल को गांव भेजा गया है.
