चंदवा़ बनहरदी गांव में पांच पड़हा बनहरदी के बैनर तले संयुक्त बैठक गुरुवार को हुई. इसकी अध्यक्षता बनहरदी ग्राम प्रधान इंद्रदेव उरांव ने की. बैठक में बनहरदी कोल परियोजना को लेकर क्षेत्र में चल रही गतिविधियों पर चर्चा की गयी. ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में ग्रामसभा की ओर से कंपनी प्रबंधन व प्रशासन को पत्र देकर स्पष्ट किया गया था कि ग्रामसभा की अनुमति के बगैर यहां कंपनी की किसी प्रकार की गतिविधि नहीं की जाये. बावजूद कंपनी प्रबंधन लगातार ग्रामसभा की अनदेखी कर रही है. ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कंपनी प्रबंधन ऐसे ही मनमानी करता रहा तो ग्रामसभा संविधानिक व नियम संगत कार्रवाई करेगी. ग्रामसभा के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जमीन की खरीद-बिक्री नहीं होने दी जाये. बैठक में पांच पड़हा के कई ग्रामीण मौजूद थे. बरवाडीह में अकीदत व सौहार्द के साथ मनी बकरीद
बरवाडीह. प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में गुरुवार को बकरीद का त्योहार अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया. सुबह से ही प्रखंड मुख्यालय स्थित जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, पोखरी कला और कुचीला समेत अन्य मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी. नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश व राज्य में अमन, चैन, भाईचारा और खुशहाली की दुआ मांगी. लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. मौके पर स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर मुस्लिम भाइयों से मुलाकात की और बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह पर्व त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है. इधर, पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद रहा. एसडीपीओ वीरेंद्र राम और सीओ लोकेश सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद नजर आयें. अधिकारियों ने लोगों से शांति व आपसी सौहार्द बनाये रखने की अपील की.
