लातेहार : जिला उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में टाना भगत विकास प्राधिकार की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में टाना भगत समुदाय के कल्याण एवं विकास के लिए संचालित योजनाओं की बिंदुवार प्रगति की समीक्षा की गयी. इस दौरान टाना भगत समुदाय की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. इनमें भूमि संबंधी मामलों का निष्पादन एवं नि:शुल्क लगान रसीद निर्गत करना, टाना भगत बहुल गांवों में सामुदायिक भवन, सिंचाई एवं कृषि सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, कृषि यंत्र एवं बीज उपलब्ध कराना, शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा शैक्षणिक संस्थानों में नामांकन में प्राथमिकता जैसे विषय प्रमुख रहे.
आवास से स्वरोजगार तक योजनाओं की समीक्षा
इसके अलावा टाना भगत परिवारों के लिए आवास, स्ट्रीट लाइट, उच्च शिक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को सुविधाएं, भूमि संरक्षण एवं वन पट्टा, स्वरोजगार तथा विभिन्न सरकारी विकास योजनाओं से टाना भगत समुदाय को जोड़ने से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि टाना भगत समुदाय के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें.
मौके पर इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
उन्होंने लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने तथा विभागीय योजनाओं में टाना भगत समुदाय की पात्रता के अनुरूप प्राथमिकता देने पर जोर दिया. बैठक में डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चल, सुमेज टाना भगत, नागेश्वर भगत समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी में रजत जीतकर लौटी झारखंड टीम, सिमडेगा में खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत
