लातेहार ़ जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में तीन मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में उच्च स्तरीय बैठक हुई. इसकी संयुक्त अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव एवं उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान अनुशासन में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सुरक्षा के कड़े इंतजाम, निषेधाज्ञा रहेगी प्रभावी : एसपी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहेगी. परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 (पूर्व में 144) लागू रहेगी, जिसके तहत पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. किसी भी प्रकार की अनियमितता या बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गयी है. प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न कराने का संकल्प दोहराया है. परीक्षार्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश : बैठक में बताया गया कि परीक्षार्थियों को अपने साथ केवल एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि) लाने की अनुमति होगी. परीक्षा हॉल में पेन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा. किसी भी तरह की स्टेशनरी, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल, घड़ी, आभूषण या धातु की वस्तुएं केंद्र के भीतर ले जाना पूरी तरह वर्जित है. समय का रखें विशेष ध्यान : डीडीसी ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की है. परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, लेकिन केंद्र में प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से ही शुरू हो जायेगी. दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जायेगा. बैठक में अपर समाहर्ता रामा रविदास, एसडीओ अजय रजक, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी अनिल मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
कदाचार मुक्त नीट परीक्षा के लिए कड़े निर्देश, 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा
कदाचार मुक्त नीट परीक्षा के लिए कड़े निर्देश, 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा
