लातेहार. सदर प्रखंड के तरवाडीह पंचायत के भोंकाखाड़ गांव में एसएसबी 32 बटालियन ने विशेष निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया. कमांडेंट राजेश सिंह के मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन किया गया. उन्होंने बताया कि गांव में ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर आयोजित करने की पहल की गई.
दुर्गम रास्ते से शिविर स्थल तक पहुंची टीम
एसएसबी द्वारा चिकित्सीय टीम के संयुक्त समन्वय से उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, भोंकाखाड़ में निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण चिकित्सीय टीम एवं वाहिनी के कार्मिकों को लगभग दो घंटे का कठिन एवं दुर्गम मार्ग तय कर शिविर स्थल तक पहुंचना पड़ा.
एसएसबी और सदर अस्पताल की टीम ने की जांच
शिविर में 32वीं वाहिनी के अधिकारी हिमांशु राठौर, उप-कमांडेंट, वाहिनी के चिकित्सीय सहायक उप-निरीक्षक मानस दास, सहायक उप-निरीक्षक प्राणय ज्योति बोरी, लैब टेक्नीशियन एवं सहायक उप-निरीक्षक जितेश कुमार, फार्मासिस्ट तथा उनकी टीम और लातेहार सदर अस्पताल से डॉ रामविलास ठाकुर, सीएचओ जेनी मोनिका तिर्की, एएनएम ऐली संजिता एक्का ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की.
76 मरीजों की हुई जांच, मुफ्त दवाइयां दी गयीं
शिविर में आसपास के क्षेत्रों से आए कुल 76 मरीजों की चिकित्सीय जांच की गई. चिकित्सकीय जांच के बाद मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं.
नक्सल प्रभावित व सुदूर क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना उद्देश्य
चिकित्सा शिविर का मुख्य उद्देश्य नक्सल प्रभावित एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था. मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें: अनगड़ा में रेलवे भूमि से गुजरने वाली 10 ग्रामीण सड़कों के निर्माण की राह आसान, NOC की प्रक्रिया तेज
